जन प्रवाद, ब्यूरो।
अमरोहा। जनपद अमरोहा में आवारा और हिंसक कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। नगर के मोहल्ला मुल्लाना में एक हिंसक कुत्ते ने मंगलवार देर शाम से बुधवार शाम तक कई लोगों को अपना निशाना बनाया। कुत्ते ने दो मासूम बच्चों और जामा मस्जिद के इमाम को काटकर घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका और जिला प्रशासन से हिंसक कुत्तों को पकड़ने के लिए तत्काल अभियान चलाने की मांग की है।
मामला अमरोहा नगर के मोहल्ला मुल्लाना जामा मस्जिद इलाके का है। बताया जा रहा है कि मंगलवार देर शाम एक मासूम बच्चा अपने साथी के साथ साइकिल से जा रहा था। इसी दौरान एक हिंसक कुत्ते ने साइकिल पर पीछे बैठे बच्चे पर हमला कर दिया और उसे नोचकर घायल कर दिया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कुत्ते को भगाकर बच्चे को बचाया। घायल बच्चे को परिजन तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है। 
इसी दौरान उसी हिंसक कुत्ते ने एक मस्जिद के इमाम और एक मासूम बच्ची पर भी हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिनमें कुत्ते के हमले की तस्वीरें दिखाई दे रही हैं। बताया जा रहा है कि हिंसक कुत्ते ने एक दूसरे कुत्ते के बच्चे पर भी हमला कर उसे नोच डाला। लगातार हो रही घटनाओं के बाद मोहल्ले में दहशत का माहौल है। लोगों ने बच्चों को अकेले बाहर न भेजने और गलियों में सावधानी बरतने की अपील की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मोहल्ले में आवारा कुत्तों की समस्या काफी समय से बनी हुई है। लोगों ने नगर पालिका और जिला प्रशासन से मांग की है कि हिंसक कुत्तों को तत्काल पकड़कर इलाके को सुरक्षित कराया जाए ताकि आगे किसी बच्चे या राहगीर के साथ बड़ी घटना न हो। फिलहाल, स्थानीय लोगों में डर का माहौल है और सभी की नजरें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।
अमरोहा में आवारा कुत्तों का आतंक, बच्ची सहित कई लोगों को किया घायल
27-Aug-2026





