जन प्रवाद, ब्यूरो।
नई दिल्ली। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर अमेरिका और ईरान में चल रही जंग के बीच यूरोप के नए प्लान से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को तगड़ा झटका लगने वाला है। दरअसल यूरोप के देश होर्मुज की सुरक्षा के लिए एक नया समूह बनाने की योजना पर चुपचाप काम कर रहे हैं। खास बात यह है कि ट्रंप को इससे पूरी तरह से दूर रखा जा रहा है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस योजना में अमेरिका को जनबूझकर शामिल नहीं किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि अमेरिका और पश्चिमी देशों के बीच कुछ दिनों से बढ़ रही दूरियों का यह नतीजा है। ऐसा बताया जा रहा है कि इस योजना को लागू करने के लिए ईरान और ओमान जैसे क्षेत्रीय देशों के साथ तालमेल को जरूरी माना जा रहा है।

बता दें कि फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने अपने एक बयान में कहा था कि इस मिशन में वे शामिल नहीं होंगे जो इस संघर्ष का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने कहा था कि यह एक अंतरराष्ट्रीय प्रयास होगा जो जंग में शामिल पक्षों के साथ नहीं किया जा सकता। जर्मनी ने भी इसमें दिलचस्पी दिखाई है। अब इस योजना को लागू करने के लिए इस हफ्ते मैक्रों और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर कई देशों के साथ एक बैठक भी कर सकते हैं। जिसमें इस योजना पर चर्चा होगी। ऐसा कहा जा रहा है कि इस बैठक में भारत और चीन को भी बुलाया जाएगा।





