जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। उत्तर प्रदेश में बुधवार देर शाम आई आंधी और तूफान ने जमकर कहर बरपाया। आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि जगह-जगह पेड़ उखड़ गए। यही नहीं कच्चे मकान जमींदोज हो गए जिसमें दबकर कई लोगों की मौत हो गई। सिर्फउत्तर प्रदेश की ही बात करें तो प्रदेश में इस आंधी-तूफान के कहर से 54 लोगों की मौत हो गई। साथ ही कई जगह आकाशीय बिजली गिरने की भी जानकारी मिल रही है।

जानकारी के अनुसार यूपी के भदोही में भीषण आंधी-तूफान की चपेट में करीब दो दर्जन से अधिक लोग आ गए। इनमें से 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल बताए जा रहे हैं। यही नहीं इस तूफान में करीब डेढ़ दर्जन से अधिक मवेशियों की भी मौत हो गई। शाम करीब 5:30 बजे अचानक से तेज आंधी और तूफान आ गया। लोग संभल पाते तब तक पेड़ और बिजली के पोल गिर गए। तूफान इतना तेज था कि कच्चे घर जमींदोज हो गए। भदोही के सुरियावां थाना क्षेत्र के अंतर्गत खरगसेन पट्टी में एक मकान पर पेड़ गिर गया। इस हादसे में एक महिला व उसकी दो बेटियों की जान चली गई। वहीं औराई थाना क्षेत्र मेें एक पेड़ के गिरने से उसके नीचे खड़े लोगों की मौत हो गई।

जिलाधिकारी शैलेश कुमार ने आंधी-तूफान के कारण 15 लोगों के मरने की पुष्टि की है। साथ ही उन्होंने आठ लोगों के घायल होने की भी जानकारी दी। घायलों में तीन की हालत ज्यादा चिंताजनक है, जिन्हें बीएचयू रेफर किया गया है। वहीं प्रयागराज में 16 लोगों की मौत हुई है, जबकि मिर्जापुर में 10 लोगों की जान गई है। जिनमें से सात लोगों की मौत सिर्फसदर तहसील के अंतर्गत हुई है। फतेहपुर जिले में नौ, हरदोई में दो, कानपुर देहात और कौशांबी जिले में एक-एक लोगों के मरने की खबर है।





