SSC परीक्षा सॉल्वर गैंग का पर्दाफाश

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
नोएडा। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने एसएससी की आॅनलाइन परीक्षा में धांधली कराने के आरोप में एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक मास्टरमाइंड सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित सीएपीएफ, एसएसएफ कांस्टेबल जीडी और असम राइफल्स राइफलमैन परीक्षा 2026 में सेटिंग कर अभ्यर्थियों को पास कराने का काम कर रहा था। एसटीएफ  ने ग्रेटर नोएडा से इस रैकेट के मास्टरमाइंड सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने 50 लाख रुपये नकदी, लैपटॉप, मोबाइल फोन और परीक्षा से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं। 


बता दें कि एसटीएफ को लगातार सूचना मिल रही थी कि कुछ लोग आॅनलाइन परीक्षा में हाईटेक तरीके से धांधली कर रहे हैं। इसके बाद एसटीएफ नोएडा यूनिट ने गुप्त जांच शुरू की। जांच में पता चला कि ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्कइलाके में स्थित बालाजी डिजिटल जोन नाम के परीक्षा केंद्र पर बड़े स्तर पर फर्जीवाड़ा चल रहा है। 22 मई को एसटीएफ ने परीक्षा केंद्र पर छापा मारा और मौके से मुख्य आरोपी प्रदीप चौहान सहित सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में प्रदीप चौहान, अरुण कुमार, संदीप भाटी, निशांत राघव, अमित राणा, शाकिर मलिक और विवेक कुमार शामिल हैं। 
जांच में पता चला है कि यह गिरोह आॅनलाइन परीक्षा सिस्टम को सीधे हैक नहीं करता था। आरोपी कंपनी के सर्वर को बायपास कर प्रॉक्सी सर्वर लगाते थे।इसके बाद स्क्रीन शेयरिंग व्यूअर एप्लिकेशन के जरिए परीक्षा का पेपर बाहर बैठे सॉल्वर तक पहुचाया जाता था। पुलिस का कहना है कि बाहर बैठे सॉल्वर सवार हर कर अभ्यर्थियों तक जवाब पहुंचाते थे। इसे पूरे नेटवर्क के जरिए अभ्यर्थियों से मोटी रकम वसूली जाती थी। बताया जाता रहा है कि परीक्षा पास कराने के लिए हर एक अभ्यर्थी से चार लाख रुपये वसूले गए थे।