शादी के बंधन में बंध गए कुलदीप- वंशिका, फोटो शेयर कर लिखा प्यारा सा कैप्शन 

जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली:  भारतीय टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव ने वंशिका चड्ढा के साथ मसूरी की वादियों में शादी कर ली है। दोंनो ने 14 मार्च को सात फेरे लिए। शादी समारोह संपन्न होने के बाद कुलदीप यादव ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर शादी की तस्वीरें शेयर की हैं। तस्वीरों में कपल काफी खुश नजर आ रहा है। कुलदीप ने कैप्शन में लिखा कि हमेशा साथ रहने का सफर शुरू हुआ। कुलदीप ने शादी समारोह की कई तस्वीरें शेयर की हैं जिन्हें काफी पसंद किया जा रहा है। कपल की तस्वीरों को फैंस जमकर पसंद और कमेंट्स कर रहे है।  

कई क्रिकेटर हुए थे शामिल
कुलदीप और वंशिका की शनिवार को मसूरी में शादी हुई थी। परिवार और करीबी लोगों की मौजूदगी में यह शादी बेहद खास और निजी समारोह में संपन्न हुई थी। इस विवाह समारोह में दोनों परिवारों के सदस्य, करीबी दोस्त और क्रिकेट जगत से जुड़े कुछ खास मेहमान शामिल हुए। शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही हैं। कुलदीप और वंशिका की शादी में क्रिकेट जगत के कई बड़े सितारे भी शामिल हुए।

भारतीय टीम के पूर्व खिलाड़ी मोहम्मद कैफ, स्पिनर युजवेंद्र चहल और पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सुरेश रैना समेत कई क्रिकेटरों ने समारोह में शिरकत की। शादी के दौरान मेहमानों ने जमकर मस्ती की और संगीत कार्यक्रम में डांस-म्यूजिक का भी खूब रंग जमा। परिवार और दोस्तों के साथ क्रिकेट सितारों ने नवदंपती को शुभकामनाएं दीं, जिससे पूरा माहौल जश्न और खुशी से भर गया। शादी समारोह की फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई। 

पिछले साल हुई थी सगाई
कुलदीप और वंशिका की सगाई 4 जून 2025 को लखनऊ के एक होटल में हुई थी। इस निजी समारोह में दोनों परिवारों के अलावा कुलदीप के करीबी दोस्त मौजूद थे। कार्यक्रम में भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह की मंगेतर और सांसद प्रिया सरोज भी शामिल हुई थीं।