संजू सैमसन को सम्मानित करेगी केरल सरकार, जनरल शिक्षा मंत्री ने की घोषणा 

जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली: केरल सरकार आईसीसी पुरुष टी20 क्रिकेट विश्व कप में भारत की खिताबी जीत के हीरो और टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी संजू सैमसन को सम्मानित करेगी। राज्य के जनरल शिक्षा और श्रम मंत्री वी शिवनकुट्टी ने सोमवार को यह जानकारी दी। मंत्री ने बयान में कहा कि यहां के तटीय शहर विझिंजम के रहने वाले सैमसन ने पूरे टूर्नामेंट में अपने शानदार प्रदर्शन से केरलवासियों को गौरवांवित किया है। शिवनकुट्टी ने कहा कि भारत की जीत में योगदान के लिए सैमसन को सम्मानित करने के लिए राज्य सरकार राजधानी में समारोह का आयोजन करेगी। हालांकि उन्होंने समारोह की तारीख नहीं बताई। भारत ने रविवार को अहमदाबाद में टी20 विश्व कप के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया। सुपर आठ के अंतिम मैच, सेमीफाइनल और फाइनल में सैमसन ने अर्धशतक जड़कर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई।

संजू ने तोड़ा विराट कोहली का रिकॉर्ड
संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेले 5 मुकाबलों में 199 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए कुल 321 रन बनाए। उन्होंने विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। कोहली ने टी20 विश्व कप 2014 के दौरान खेले 6 मुकाबलों में 129 के स्ट्राइक रेट से 319 रन बनाए थे। संजू ने फाइनल मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में 89 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान संजू ने 5 चौके और 8 छक्के लगाए।

फाइनल मैच में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बने
संजू सैमसन टी20 विश्व कप के फाइनल मुकाबले में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज के पूर्व बल्लेबाज मार्लोन सैमुअल्स का रिकॉर्ड तोड़ा। सैमुअल्स ने टी20 विश्व कप 2016 के खिताबी मुकाबले में 85 रनों की नाबाद पारी खेली थी। सैमसन टी20 वर्ल्ड कप में लगातार 3 मैचों में अर्धशतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। संजू से पहले यह कारनामा सिर्फ विराट कोहली और शाहिद अफरीदी ही कर सके हैं।