Hardik Pandya Controversy : क्रिकेटर हार्दिक पांड्या की मुश्किलें कम नहीं हो पा रही है। महाराष्ट्र के बाद अब उत्तर प्रदेश में भी क्रिकेटर हार्दिक पांड्या के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। हाथरस गेट थाना क्षेत्र के गांव नगला नंदू निवासी अधिवक्ता विश्वप्रताप सिंह राणा ने पुलिस अधीक्षक और केंद्रीय गृह मंत्री को एक प्रार्थना पत्र भेजकर हार्दिक पांड्या के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में कहा गया है कि टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल मैच में भारत की जीत के बाद हार्दिक पांड्या का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इस वीडियो में पांड्या को एक महिला के साथ कथित तौर पर राष्ट्रध्वज ओढ़कर आपत्तिजनक स्थिति में दिखाया गया है। अधिवक्ता का आरोप है कि यह कृत्य राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा के खिलाफ है और इसने देश के करोड़ों नागरिकों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। इस गंभीर आरोप के संबंध में, एसपी चिरंजीवनाथ सिन्हा ने कहा है कि शिकायत मिलने पर मामले की गहन जांच की जाएगी और नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस प्रशासन इस मामले को संवेदनशीलता से ले रहा है और किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

महाराष्ट्र में दर्ज कराई गई है शिकायत
क्रिकेटर हार्दिक पांड्या के खिलाफ एक वकील वाजिद खान ने भी महाराष्ट्र के पुणे स्थित एक थाने शिवाजीनगर में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता ने कहा कि हार्दिक पांड्या ने रविवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की जीत का जश्न मनाते हुए तिरंगे को अपने शरीर पर लपेटा और मैदान पर अश्लील हरकतें कीं। शिकायत में आरोप लगाया गया कि इस तरह की हरकतें अपराध है।
वकील वाजिद खान ने कहा कि टी20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की जीत के बाद अहमदाबाद के स्टेडियम में जश्न के दौरान यह घटना हुई। शिकायत में यह भी कहा गया है कि राष्ट्रीय ध्वज देश की गरिमा और सम्मान का प्रतीक है। तिरंगे के साथ ऐसा व्यवहार कानून का उल्लंघन माना जा सकता है। शिकायतकर्ता वकील ने इस मामले की जांच कर संबंधित कानूनों में कार्रवाई की मांग की है। साथ ही यह भी कहा कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करें।





