Hardik Pandya के खिलाफ पुणे में शिकायत दर्ज, मैदान पर अश्लील हरकतें करने और तिरंगे का अपमान करने के लगे आरोप 

जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली: ICC Men's Tournament में भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद क्रिकेटर हार्दिक पांड्या विवादों में घिर गए है। क्रिकेटर हार्दिक पांड्या के खिलाफ एक वकील वाजिद खान ने महाराष्ट्र के पुणे स्थित एक थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता ने कहा कि हार्दिक पांड्या ने रविवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की जीत का जश्न मनाते हुए तिरंगे को अपने शरीर पर लपेटा और मैदान पर अश्लील हरकतें कीं। शिकायत में आरोप लगाया गया कि इस तरह की हरकतें अपराध है और इस पर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। 
 
ICC Men's Tournament में रविवार को भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड की टीम को 96 रनों से हरा दिया था। भारतीय टीम के खिलाड़ी अलग- अलग तरीके से जीत का जश्न मनाते हुए दिखाई दिए। इसी दौरान क्रिकेटर हार्दिक पांड्या भी तिरंगे झंडे को शरीर पर लपेटे हुए और मैदान पर आपत्तिजनक हरकतें करते हुए भी दिखाई दिए। हार्दिक ने मैदान पर अपनी गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा को किस किया। हद तब पार हो गई, जब बीच ग्राउंड पर बने स्टेज पर क्रिकेटर खुद तो लेटे ही साथ ही माहिका को भी लेटा दिया। हार्दिक की यह हरकत लोगों को जरा भी रास नहीं आई और इसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल भी किया जाने लगा। 

क्या कहा गया है शिकायत में
शिकायत पुणे के शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में दी गई है। वकील वाजिद खान ने कहा कि टी20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की जीत के बाद अहमदाबाद के स्टेडियम में जश्न के दौरान यह घटना हुई। हार्दिक पांड्या ने तिरंगे को अपने शरीर पर लपेट और मैदान पर जश्न मनाते समय अनुचित व्यवहार किया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि राष्ट्रीय ध्वज देश की गरिमा और सम्मान का प्रतीक है। तिरंगे के साथ ऐसा व्यवहार कानून का उल्लंघन माना जा सकता है। शिकायतकर्ता वकील ने इस मामले की जांच कर संबंधित कानूनों में कार्रवाई की मांग की है। साथ ही यह भी कहा कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करें।