चेन्नई, एजेंसी। के. अन्नामलाई ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छोड़ने के बाद कहा कि उनके लक्ष्य बड़े हैं और वह समावेशी एजेंडे के साथ नयी राजनीतिक पार्टी बनाकर तमिलनाडु में अगला चुनाव लड़ेंगे। करीब छह वर्ष तक भाजपा से जुड़े रहे अन्नामलाई ने सोशल मीडिया के जरिए कहा, मैंने गरिमापूर्ण तरीके से भाजपा छोड़ी है ताकि एक नयी तरह की राजनीति की शुरूआत की जा सके। उन्होंने कहा कि लक्ष्य बड़े हैं तथा और अधिक लोगों को साथ लेकर चलना होगा। उन्होंने कहा, आज से एक नया रास्ता, एक नया आंदोलन, एक नयी राजनीतिक मुहिम शुरू होगी। अन्नामलाई ने कहा कि एक नयी पार्टी बनाई जाएगी जो राज्य में अगला चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि जिस नए आंदोलन की शुरूआत की जानी है, उसमें बुनियादी स्तर से ही नए आयाम और नए नजरिए की आवश्यकता है।
राजनीतिक लक्ष्य पर बोले अन्नामलाई
उन्होंने कहा कि उनके राजनीतिक लक्ष्य अब पहले से बड़े हो गए हैं और उन्हें अधिक लोगों को साथ लेकर आगे बढ़ना है। अन्नामलाई ने दावा किया कि भाजपा में रहते हुए उन्होंने कभी भी तमिलनाडु की पहचान, संस्कृति और राज्य के जल अधिकारों जैसे मुद्दों पर समझौता नहीं किया।
भाजपा छोड़ने के फैसले पर दिया बयान
भाजपा छोड़ने के अपने फैसले को लेकर उन्होंने कहा कि यह निर्णय उन्होंने पूरी गरिमा और सम्मान के साथ लिया है ताकि तमिलनाडु में एक नई तरह की राजनीति की शुरूआत की जा सके। अन्नामलाई ने बताया कि उन्होंने 4 दिसंबर 2025 को ही पार्टी नेतृत्व को अपने इस्तीफे की इच्छा से अवगत करा दिया था, लेकिन उनसे चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक इंतजार करने को कहा गया।
भाजपा से अलग हुए अन्नामलाई, नई पार्टी बनाने का किया ऐलान, तमिलनाडु में अगला चुनाव लड़ने की घोषणा
05-Jun-2026





