डूब क्षेत्र में काटे गए बिजली कनेक्शन को लेकर सपा ने की बैठक

जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। नोएडा के डूब क्षेत्र में बिजली विभाग द्वारा अचानक हजारों कनेक्शन काटे जाने के खिलाफ समाजवादी पार्टी के नेताओं व स्थानीय निवासियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समाजवादी पार्टी के पूर्व महानगर अध्यक्ष दीपक विग ने की और मंच का संचालन समाजवादी छात्र सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अतुल यादव ने किया।


बैठक में सपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एडवोकेट गौरव सिंघल ने डूब क्षेत्र के निवासियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए स्थानीय प्रशासन और सत्ता पक्ष पर तीखा हमला बोला।
एडवोकेट गौरव सिंघल ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश के नाम पर डूब क्षेत्र (छिजारसी, चोटपुर आदि) में लगभग 3000 नियमित बिजली कनेक्शन काट दिए गए हैं। बिजली विभाग ने खुद यहां मीटर लगाए थे और लोग सालों से बिल भर रहे थे। अब अचानक बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के हजारों परिवारों को अंधेरे में धकेल देना पूरी तरह से अमानवीय है। स्थानीय भाजपा विधायक और जनप्रतिनिधियों को इन बेसहारा परिवारों, बुजुर्गों और पढ़ाई कर रहे बच्चों का दर्द दिखाई नहीं दे रहा है।


बैठक की अध्यक्षता कर रहे दीपक विग ने अपने संबोधन में कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा आम जनता के अधिकारों के लिए अग्रिम पंक्ति में खड़ी रही है। प्रशासन का यह तानाशाही रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि जल्द ही प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल करने या नियमित कनेक्शन देने की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई और पानी की व्यवस्था नहीं की गई तो पार्टी जनता के साथ मिलकर सड़कों पर उतरने को मजबूर होगी।


कार्यक्रम का संचालन करते हुए छात्र सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अतुल यादव ने युवाओं और छात्रों की समस्याओं को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि बिजली न होने से बच्चों की शिक्षा पूरी तरह बाधित हो चुकी है। इस जनविरोधी फैसले के खिलाफ युवाओं में भारी आक्रोश है और इसके विरोध में चरणबद्ध तरीके से आंदोलन को तेज किया जाएगा। इस अवसर पर सपा के कई कार्यकर्ता मौजूद थे।