यमुना एक्सप्रेस वे पर स्लीपर बस में आग, नौ लोगों की दु:खद मौत

जन प्रवाद, ब्यूरो।
ग्रेटर नोएडा। जेवर थाना क्षेत्र के अंतर्गत यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात स्लीपर बस में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। कश्मीर गेट दिल्ली से महोबा के लिए एकक्सप्रेस वे होती हुई आगरा की ओर जा रही बिहार नंबर की बस में माइल स्टोन से 33 किमी. दूर दयानतपुर गांव के पास आग लग गई। चालक ने बस एक्सप्रेसवे किनारे रोकी। जिस समय ये हादसा हुआ बस में तकरीबन 35 यात्री सवार थे। हादसे में 9 लोगों की जलकर मौत। शेष को फायर टीम द्वारा रेस्क्यू कर लिया गया। 


सीएफओ गौतमबुद्धनगर प्रदीप कुमार ने बताया कि कश्मीरी गेट दिल्ली से बिहार नंबर बस संख्या बीआर32पीए8647 महोबा के लिए जा रही थी। यमुना एक्सप्रेसवे पर माइल स्टोन से 33 किमी. दूर बस में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर बिग्रेड की चार गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुंची। फायर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग को बुझा दिया और करीब 20 से 25 लोगों को रेस्क्यू कर लिया।

बस के अंदर जाकर देखा गया तो नौ लोग दम घुटने व जलने की वजह से मृत पाए गए। पुलिस सभी शवों को कब्जे में लेकर शिनाख्त का प्रयास कर रही है। पुलिस ने चालक और परिचालक को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच से आग लगने का कारण बस के एसी में स्पार्क या ब्लास्ट होने के कारण बस के इंजन लुब्रिकेंट आॅयल में आग लगकर तेजी से फैल गई। थाना जेवर पुलिस ने मृतकों के शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए हैं। इस घटना के संबंध में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत करते हुए चालक और परिचालक को हिरासत में लिया गया है। इस घटना पर यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।