जन प्रवाद, ब्यूरो।
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा स्थित थाना बीटा-2 पुलिस ने कंपनी से मोबाइल फोन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर कब्जे से करीब 50 लाख रुपये कीमत के 154 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा पुलिस ने ढाई लाख रुपये नकदी व घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो कार भी बरामद की है।
एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार ने बताया कि पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया गिरोह एक सक्रिय गिरोह है। गिरोह का मास्टर माइंड केशव है जो पूर्व में भी कई चोरी के मुकदमों में जेल जा चुका है। वह डी-28 साइट-4 स्थित एक्सप्रेस बीज लोजिस्टिक सोल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में कंटेनर चालक के पद पर नौकरी करता है। वह कंपनी द्वारा तैयार मोबाइल फोन को ऑर्डर डिलीवरी के लिए भिन्न-भिन्न स्थानों पर लेकर जाता है। रास्ते में ही वह कंटेनर की सील खोलकर कार्टूनों से चिट हटाकर उनमें से मोबाइल फोन अपने सह अभियुक्तों के साथ मिलकर निकाल लेता है। इसके बाद विभिन्न मार्केट में मांग के अनुसार कम दाम में बेचकर अवैध धन अर्जित करता है।
ऑडिट होने पर कंपनी के मैनेजर ने कंपनी से 165 मोबाइल फोन की चोरी के संबंध में थाना बीटा-2 में चालक केशव कुमार व अन्य अज्ञात के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। चोरी के मोबाइल फोन को सर्विलांस व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ट्रेस कर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। 
एडीसीपी संतोष कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने 31 अगस्त को पीपल वाला गोलचक्कर नट की मढैया से छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में गिरोह का सरगना केशव कुमार पत्र रवि करन सिंह, मनोज कुमार पुत्र विजय सिंह, रवि कुमार पुत्र हुक्म सिंह, विनीत पुत्र स्व. पुष्पेन्द्र सिंह, मो. शोएब पुत्र अब्दुल रशीद अंसारी एवं हसीबुर्ररहमान पुत्र इदरीश शामिल है। पुलिस ने इनके पास से करीब 50 लाख रुपये कीमत के 154 मोबाइल फोन, ढाई लाख रुपये एवं घटना में प्रयुक्त एक स्कार्पियो कार बरामद की है।
कंटेनर से चोरी करते थे मोबाइल, 50 लाख के मोबाइल सहित छह दबोचे
01-Sep-2026





