जनप्रवाद ब्यूरो, नोएडा। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब बिलॉन्गिंग ए जर्नी आॅफ लव बाजार में आते ही चर्चा का विषय बन गई है। किताब को लेकर जहां कांग्रेस के नेता उनकी तारीफ कर रहे हैं। वहीं भाजपा ने कहा कि किताब का नाम बिलॉन्गिंग नहीं व्हाइटवॉशिंग होना चाहिए।
राजीव गांधी से मुलाकात
सोनिया गांधी की आत्मकथा बिलॉन्गिंग ए जर्नी आॅफ लव में उनके निजी और राजनीतिक जीवन के सफर का जिक्र है। किताब 1965 में कैम्ब्रिज के एक रेस्टोरेंट में राजीव गांधी से मुलाकात से लेकर भारतीय राजनीति में सक्रिय होने की कहानी बयां करती है। इसमें 1984 की घटनाओं और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद के हालात का भी जिक्र है। किताब सामने आने के बाद 1984 के सिख विरोधी हिंसा का मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक चर्चा के केंद्र में आ गया है। सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक बिलॉन्गिंग ए जर्नी आॅफ लव में पीएम पद के लिए मनमोहन सिंह के चयन से जुड़े फैसले के बारे में विस्तार से लिखा है। बता दें कि हार्परकॉलिन्स इंडिया की ओर से प्रकाशित यह किताब मंगलवार को बाजार में आई है। इसमें सोनिया ने खुलासा किया कि मनमोहन सिंह की ईमानदारी पर उनको पूरा भरोसा था। सोनिया गांधी के मुताबिक, उन्हें विश्वास था कि देश मनमोहन सिंह के हाथों में सुरक्षित रहेगा। उन्होंने सोनिया गांधी ने किताब में यूपीए सरकार के दौरान पर्दे के पीछे से सत्ता चलाने के आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने लिखा कि उस समय प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह थे और पार्टी अध्यक्ष के तौर पर उनकी भूमिका अलग थी। सोनिया के मुताबिक, वह मनमोहन सिंह को अपनी राय और सुझाव दे सकती थीं। जरूरत पड़ने पर उनसे असहमति भी जता सकती थीं, लेकिन प्रधानमंत्री के तौर पर उनका सम्मान करना और उनके फैसलों को प्राथमिकता देना उनकी जिम्मेदारी थी। इसी तरह उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के बारे में भी लिखा है। पुस्तक में उन्होंने लिखा कि 2010 में प्रणब मुखर्जी ने सोनिया गांधी के सामने प्रधानमंत्री बनने की इच्छा जताई थी। जब प्रणब मुखर्जी ने मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री पद से हटाकर उन्हें देश की बागडोर थमाने की अपनी महत्वाकांक्षा से अवगत कराया तो वे चौंक गईं।
पीएम मोदी के साथ संबंधों का जिक्र
सोनिया गांधी ने पीएम मोदी के साथ अपने संबंधों को लेकर भी लिखा है। जिसमें उन्होंने दावा किया कि उनके बीच कभी वास्तविक बातचीत नहीं हुई। जब भी दोनों आमने-सामने आते हैं तो मोदी उनसे नजरें मिलाने से बचते हैं। सोनिया ने कहा कि प्रधानमंत्री अपने भारत के विचार के लिए लड़ रहे हैं और वह अपने विचारों के लिए। सोनिया ने बताया कि संसद के हर सत्र के बाद प्रमुख राजनीतिक दलों के नेता लोकसभा अध्यक्ष के कक्ष में मिलते हैं। वहां भी दोनों के बीच केवल औपचारिक अभिवादन होता है। सोनिया के अनुसार पहले अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेता आपस में शिष्टाचार और सौहार्द के साथ मिलते थे, लेकिन अब स्थिति अलग है। उन्होंने लिखा कि पीएम मोदी आमने-सामने आने पर नजरें फेर लेते हैं और आंखों से संपर्क बनाने से बचते हैं। सोनिया ने लिखा कि पीएम मोदी के भारत का विचार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विचारकों और उनके अपने जीवन के अनुभवों से बना है। उनके अनुसार, इस सोच में अपने धर्म और संस्कृति को दूसरों से ऊपर रखा जाता है। सोनिया ने कहा कि वह ऐसे भारत की पक्षधर हैं जो वर्चस्व के खिलाफ हो और समावेशिता, धर्मनिरपेक्षता तथा सामाजिक न्याय के मूल्यों पर खड़ा हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह व्यक्तिगत मामला नहीं, बल्कि भारत को लेकर दोनों की अलग-अलग सोच का सवाल है। सोनिया ने यह भी लिखा कि पीएम मोदी की शुरूआती परिस्थितियां शायद उतनी साधारण नहीं थीं, जितनी उनकी छवि बनाने के लिए प्रचार टीम ने पेश की हैं। उनके मुताबिक पीएम मोदी ने वंचित पृष्ठभूमि से निकलकर आरएसएस के भीतर अपना राजनीतिक स्थान बनाया। गांधी ने भाजपा के कांग्रेस मुक्त भारत के लक्ष्य का भी जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि भाजपा का घोषित उद्देश्य कांग्रेस पार्टी, उसकी नीतियों और विचारधारा से मुक्त भारत बनाना है। उनका मानना है कि प्रधानमंत्री की यह विरोध भावना आरएसएस से मिले वैचारिक प्रभाव का नतीजा है। सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक में 1984 के सिख विरोधी दंगों को भारतीय इतिहास का एक दुखद और शर्मनाक अध्याय बताया।
सीआर केसवन ने साधा निशाना
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सीआर केसवन ने कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी को अपनी आत्मकथा का शीर्षक व्हाइटवॉशिंग रखना चाहिए था। उनके मुताबिक, इस किताब का मकसद नेहरू-गांधी परिवार की ओर से की गई ऐतिहासिक गलतियों पर पर्दा डालना और कांग्रेस पार्टी के गंभीर अपराधों को छिपाना नजर आता है। सीआर केसवन ने सवाल उठाया कि सोनिया गांधी ने बाबरी मस्जिद के लिए रोने की बात कही है, लेकिन क्या उन्होंने 1984 के सिख विरोधी नरसंहार के दौरान भी एक आंसू बहाया था? उन्होंने कहा कि उस समय कांग्रेस के शासन में गुरुद्वारों पर हमले हुए और हजारों निर्दोष लोगों को बेरहमी से निशाना बनाकर उनकी हत्या कर दी गई थी। भाजपा प्रवक्ता ने बाटला हाउस मुठभेड़ का भी जिक्र किया और सोनिया गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी बाटला हाउस के आतंकियों के लिए फूट-फूटकर रोई थीं, लेकिन क्या उन्होंने उन बहादुर जवानों की शहादत पर भी आंसू बहाए, जिन्होंने देश और उसके नागरिकों की रक्षा करते हुए अपनी जान गंवाई? क्या मुंबई में 26/11 के भीषण आतंकी हमलों के दौरान निर्दोष लोगों की हत्या पर भी सोनिया गांधी की आंखों से आंसू निकले थे?
सोनिया की किताब को लेकर सवाल
सीआर केसवन ने सोनिया गांधी की किताब को लेकर सवाल किया कि क्या इसमें इस बात का जवाब दिया गया है कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार ने इन आतंकी हमलों के बाद कोई प्रभावी प्रतिक्रिया तक क्यों नहीं दी? उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन सरकार इन हमलों पर कार्रवाई करने में विफल रही। भाजपा प्रवक्ता ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की ओर से लगाए गए आपातकाल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने अपनी किताब में कुख्यात आपातकाल को जिस तरह सामान्य बताने और उचित ठहराने की कोशिश की है, वह बेहद चौंकाने वाला और निंदनीय है। केसवन के मुताबिक, आपातकाल के दौरान नागरिकों के मौलिक अधिकार निलंबित कर दिए गए थे और संविधान की हत्या की गई थी।
शर्मिष्ठा ने पूछा सवाल
दूसरी ओर प्रणब मुखर्जी की बेटी शर्मिष्ठा ने पूछा कि क्या महत्वाकांक्षी होना कोई अपराध है? उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि इसमें हैरान होने वाली क्या बात है? उनके पास राजनीति और सरकार का दशकों लंबा अनुभव था। वह शानदार दिमाग के धनी थे। एक बार जब मैंने उनसे पूछा था कि क्या वह प्रधानमंत्री बनना चाहते हैं तो उन्होंने बहुत बेबाकी से जवाब दिया था कि हर काबिल राजनेता के मन में ऐसी महत्वाकांक्षा होती है। उन्होंने आगे लिखा कि मेरे पिता बहुत साधारण पृष्ठभूमि से आते थे। उन्होंने अपने जीवन में जो कुछ भी हासिल किया वह अपनी काबिलियत और कड़ी मेहनत से किया। उन्हें विरासत या परिवार के नाम पर कोई पद थाली में सजाकर नहीं मिला था। अगर कोई योग्य व्यक्ति प्रधानमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा रखता है तो इसमें गलत क्या है?





