जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। नोएडा थाना फेस-1 पुलिस की हत्या और हत्या के प्रयास मामले में वांछित अभियुक्त के साथ मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में अभियुक्त के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने घायलावस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। उसके पास से पुलिस ने अवैध तमंचा, कारतूस व एक मोटरसाइकिल बरामद की है। 
एडीसीपी नोएडा अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि दिनांक 8-9 नवंबर की रात्रि में स्कूटी टकराने को लेकर विवाद हो गया था, जिसमें अमित एवं शिवम के सिर में गंभीर चोट लगी थी जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान डॉक्टर ने अमित को मृत घोषित कर दिया था, जबकि शिवम उपचाराधीन है। इस मामले में आफताब उर्फ तुस्सी पुत्र रियाजुद्दीन निवासी नया बांस, सेक्टर-15 के खिलाफ थाना फेस-1 में हत्या एवं हत्या का प्रयास जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। 
एडीसीपी नोएडा अभय कुमार ने बताया कि 11 नवंबर को थाना फेस-1 पुलिस को लोकल इंटेलिजेंस के आधार पर सूचना मिली कि वांछित आफताब सेक्टर-3 स्थित पार्क में मौजूद है और वह वहां से भागने की फिराक में है।
सूचना पर थाना फेस-1 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पार्क के बाहर से अभियुक्त की मोटरसाइकिल बरामद कर ली। इसके बाद पुलिस टीम पार्क के अंदर अभियुक्त की तलाश लगने लगी। पुलिस को देखते हुए अभियुक्त और उसका साथी भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने उसे घेरकर पकड़ने का प्रयास किया तो स्वयं को घिरता देखकर जान से मारने की नियत से फायर किया। पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलावस्था में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा व एक खोखा कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भेज दिया है। पुलिस द्वारा की गई जानकारी के पता चला कि इससे पहले भी उसके खिलाफ तीन अन्य मामले दर्ज हैं।
पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश घायल, हत्या के मामले में चल रहा था वांछित
11-Nov-2026





