मुठभेड़ में इनामी बदमाश गिरफ्तार, अमरोहा में गौकशी का था आरोपी

जन प्रवाद, ब्यूरो।
अमरोहा। अमरोहा में गौकशी के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अवैध कब्जे से एक तमंचा, कारतूस व एक मोटरसाइकिल बरामद की है। 

दरअसल, पूरा मामला थाना अमरोहा नगर क्षेत्र का है, जहां 7 नवंबर की रात हुई गौकशी की घटना में पुलिस आठ नामजद आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी मुकदमे में मौहल्ला लकड़ा निवासी मौहसिन पुत्र शरीफ वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस के अनुसार 9 नवंबर को प्रभारी निरीक्षक चंद्र प्रकाश शुक्ल पुलिस टीम के साथ रात्रि गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि वांछित आरोपी अकबरपुर पट्टी से वासुदेव मंदिर की ओर जाने वाले जटीवन मार्ग पर आने वाला है।

पुलिस ने घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार आरोपी को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह भागने लगा। मोटरसाइकिल फिसलने के बाद आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लग गई। मौके से पुलिस ने 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है। फिलहाल, घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजकर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।