तिरुवनंतपुरम, ,एजेंसी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरलम इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी को ‘‘धोखेबाज’’ बताया और उन पर लोगों को गुमराह करने के लिए बार-बार ‘‘झूठ फैलाने’’ का आरोप लगाया। चंद्रशेखर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि गांधी की रणनीति एक के बाद दूसरा झूठ बोलते रहने की रही है जब तक कि उनमें से किसी एक झूठ को लोगों के बीच स्वीकार्यता न मिल जाए और आखिरकार कुछ लोगों को उनके दावों में ‘थोड़ी बहुत सच्चाई’ नजर आने लगे। नाजी प्रचारक जोसेफ गोएबल्स का उल्लेख करते हुए चंद्रशेखर ने उस प्रसिद्ध कथन का हवाला दिया कि यदि किसी झूठ को बार-बार दोहराया जाए तो लोग उसे सच मानने लगते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘गांधी की रणनीति का मूल यही है।’’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता या तो खुद को बेवकूफ बना रहे हैं या फिर दूसरों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। चंद्रशेखर ने दावा किया कि गांधी अपनी इन कथित कोशिशों में सफल नहीं होंगे। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे लोकतंत्र की रक्षा के लिए दृढ़ संकल्पित भारतीयों का सामूहिक इरादा इन कोशिशों को नाकाम कर देगा।’’
चंद्रशेखर ने राहुल गांधी को ‘धोखेबाज’ बताया, ‘झूठ फैलाने’ का लगाया आरोप
07-Nov-2026





