जन प्रवाद, ब्यूरो।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। भाजपा ने जहां प्रत्याशियों का रिपोर्ट कार्ड देखकर चयन प्रक्रिया को आगे बढ़ाया है, वहीं सपा ने कई सीटों से प्रत्याशियों की घोषणा भी कर दी है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर अभी प्रत्याशियों की सूची जारी नहीं हुई है। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी रणनीति पर काम और तेज कर दिया है।

सूत्रों की मानें तो भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व यूपी में अपने उम्मीदवारों के चयन का पूरा खाका बदलने जा रहा है। पार्टी इस बार अपने अधिकांश विधान परिषद सदस्यों (एमएलसी) को सीधे 2027 के विधानसभा चुनाव के मैदान में उतारने पर गंभीरता से विचार कर रही है। सूत्रो की मानें तो पार्टी आलाकमान ने अपने सभी एमएलसी को चुनाव की तैयारियों में जुटने और अपने-अपने प्रभाव वाले इलाकों में मजबूत जीत की संभावना वाली विधानसभा सीटों की पहचान शुरू करने का निर्देश दिया है। भाजपा की इस रणनीति के चलते वर्तमान विधायकों में भी खलबली है। सूत्रों का यह भी दावा है कि इस बार दर्जनों की संख्या में विधायक का टिकट कटेगा और नए प्रत्याशी मैदान में होंगे।





