श्रद्धा दुबे का वीडियो आया सामने, वीडियो में सारे राज खोलने को तैयार

जन प्रवाद, ब्यूरो।
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में कारोबारी शिवा शर्मा के अपार्टमेंट से गिरकर हुई मौत के मामले में मॉडल श्रद्धा दुबे का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में वह खुद को बेकसूर बता रही है और शिवा की हत्या नहीं बल्कि आत्महत्या बता रही है। बुधवार को ही पुलिस ने उसका पीछा करते हुए नेपाल बार्डर पर उसकी कार बरामद की थी। उसके पीछे दस टीमों को लगाया है और 25 हजार का इनाम घोषित कर दिया है। 


बता दें कि अपार्टमेंट से गिरकर कारोबारी की मौत के बाद वह फरार हो गई थी। कारोबारी का शव अंडरवियर में मिला था। पुलिस को श्रद्धा के फ्लैट से सेक्स टॉयज, शक्तिवर्धक नशीली दवाएं और कई आपत्तिजनक वस्तुएं मिली थीं। इसके बाद श्रद्धा के साथ उसकी बहन पर कारोबारी की हत्या का केस दर्ज किया गया था।
श्रद्धा का वीडियो बुधवार देर रात सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में उसने खुद को निर्दोष बताया। कहा कि किसी नेता अथवा अधिकारी के साथ मेरा नाम न जोड़ा जाए। अगर कोई मेरे साथ इंस्टाग्राम पर जुड़ा है तो ऐसा नहीं है कि मेरा उससे कोई कनेक्शन है। मेरे बारे में अफवाह न फैलाएं। श्रद्धा ने कहा कि वह खुद पुलिस के पास जाकर पूरी घटना की सच्चाई बताना चाहती है। शिवा शर्मा कांड से संबंधित जो भी सच है वह सब बताना चाहती है। उसने दावा किया कि शिवा की हत्या नहीं हुई थी। उसने आत्महत्या की थी।
आपको बता दें कि बालू अड्डा स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट के चौथे तल से संदिग्ध हालात में गिरकर शुक्रवार रात चिकन कारोबारी व कैफे संचालक शिवा शर्मा की मौत हो गई थी। शिवा अलीगंज कपूथला में रहते थे। शिवा की मां रंजना ने मॉडल श्रद्धा पर बेटे को झूठे मुकदमे में फंसाने, सिगरेट से जलाने समेत कई आरोप लगाए थे। शिवा एक साल से मॉडल के साथ लिव इन में रह रहे थे। मां ने श्रद्धा उसकी बहन रश्मि समेत चार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।


शिवा को धमकाने का श्रद्धा का आॅडियो भी वायरल हुआ है। पुलिस ने श्रद्धा की कॉल डिटेल की पड़ताल की तो राजधानी के कई नामचीन लोगों के नंबर मिले। इसी के बाद श्रद्धा के बिल्डरों, नेताओं, अधिकारियों से कनेक्शन की बात सामने आई थी। उनका आरोप हैकि मॉडल श्रद्धा ने कारोबारी शिवा शर्मा को कैद करके रखा था। वह अफसरों और नामचीन हस्तियों से संपर्क होने का हवाला देकर बात-बात पर उसे धमकाती थी। सिरगेट-शराब लाने में जरा सी देरी होने पर जेल भेजने की धमकी देती थी। दोस्तों-मां व परिवारीजनों से मिलने पर भी प्रतिबंध लगा रखा था।


पुलिस की तफ्तीश में पता चला कि कस्टम कार्यालय के पास स्थित शुक्ला पार्किंग में 10 अक्टूबर की सुबह दो महिला समेत चार लोग पहुंचे थे। दो दिन निर्धारित अवधि बीतने के बाद भी कोई एसयूवी लेने नहीं पहुंचा। इस दौरान तफ्तीश में लगी हजरतगंज पुलिस को सीसी फुटेज के माध्यम से श्रद्धा की कार को सीतापुर के रास्ते बहराइच जाने का पता चला। पुलिस टीम बहराइच पहुंची  और कार पर अंकित नंबरों की पड़ताल में श्रद्धा दुबे का नाम सामने आया है। हत्यारोपी की कार बरामदगी व उसके बहन संग नेपाल भागने की खबर पर लखनऊ पुलिस भी रुपईडीहा पहुंची।