रोडरेज की घटना में छात्र की हत्या

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
शामली। उत्तर प्रदेश के शामली जनपद में एक रोडरेज की घटना में आईटीआई के छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। बताया जा रहा है कि एक छात्र मेला देखने जा रहा था। तभी बाइक की साइड लगने से विवाद शुरू हो गया। दबंगों ने उसको रास्ते में रोककर गोली मार दी। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के गांव तलवा माजरा का रहने वाला 20 वर्षीय अभि पुत्र सुनील कुमार आईटीआई का छात्र था। बुधवार को गोहरपुर गांव में नवरात्रि के उपलक्ष्य में मेला लगा हुआ था। वह अपनी बाइक से मेला देखने जा रहा था। बताया जा रहा है कि बाइक पर सवार तीन अन्य युवक भी मेला देखने पहुंचे। इसी दौरान अभि की बाइक से उनकी बाइक में हल्की सी टक्कर लग गई। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। इसके बाद मामला शांत हो गया। 


अभि जब मेला देखकर वापस अपने घर आ रहा था तभी रास्ते में उसका इंतजार कर रहे तीनों अभियुक्तों ने उसे रोक लिया और अभि से मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान एक युवक ने तमंचे से अभि को गोली मार दी। गोली लगते ही अभि तुरंत नीचे गिर गया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों वहां से फरार हो गए। घटना की सूचना राहगीरों ने पुलिस और उसके परिजनों को दी। मौके पर पहंची पुलिस ने घायल अभि को अस्पताल पहुंचाया जहां हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया। मेरठ में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 
इस बाबत थाना प्रभारी ज्ञानेन्द्र सिंह का कहना है कि मृतक के पिता सुनील कुमार की तहरीर पर गांव कुरमाली निवासी शिवा और दो अज्ञात युवकों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस लगातार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। वहीं अभि के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।