जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। शिवरात्रि के पावन पर्व पर आज देशभर के शिवमंदिर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठो। हरिद्धार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य पहुंचे कांवड़ियों ने सुबह तड़के शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। इस दौरान कांवड़ियों की प्रसन्नता और उनका भाव देखते हुए बना। मंदिर परिसर पर पुलिस की टीमें मुस्तैद रहीं। हालांकि, नोएडा शहर में बिना किसी परेशानी के कांवड़ियों ने जलाभिषेक किया। ग्राम गिझोड़ स्थित प्राचीन शिवमंदिर के पुजारी पं. यजुवेन्द्र शुक्ल ने बताया कि सुबह तड़के कांवड़िए भक्तों ने भगवान शिव को जलाभिषेक किया। कुछ कांवड़िए शाम 3.30 बजे के बाद जलाभिषेक करेंगे। शिवरात्रि पर्व के चलते मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ लगी रही। भक्तजनों ने मंदिर परिसर में अपनी सेवा दी ताकि किसी को कोई परेशानी न हो।

बता दें कि शिवरात्रि एवं कांवड़ यात्रा को जनपद में शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के दृष्टिगत सोमवार को पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह एवं जिलाधिकारी मेधा रूपम ने जनपद के प्रमुख कांवड़ मार्गों, शिवालयों एवं कांवड़ शिविरों का स्थलीय निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया था। पुलिस आयुक्त एवं जिलाधिकारी ने चिल्ला बॉर्डर, श्री सिद्धपीठ शनि मंदिर, शिव मंदिर नानकेश्वर, ग्राम भाईपुर, जेवर सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों एवं कांवड़ मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सुगम आवागमन, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधा तथा कांवड़ शिविरों में उपलब्ध कराई जा रही अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया गया।
कांवड़ शिविरों के निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त एवं जिलाधिकारी ने शिविरों में बनाए गए किचन, वहां तैयार की जा रही खाद्य सामग्री, भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं शिविर संचालकों को निर्देशत किया कि कांवड़ यात्रियों को मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं स्वच्छ खान-पान उपलब्ध कराया जाए तथा भोजन तैयार करने वाले स्थानों पर स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए।

उन्होंने शिविरों में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था तथा निगरानी व्यवस्था का भी जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी संभावित स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।

इसी क्रम में मेडिकल शिविरों का निरीक्षण करते हुए उपलब्ध दवाइयों, प्राथमिक उपचार की व्यवस्था एवं चिकित्सकीय स्टाफ की उपलब्धता की जानकारी ली गई। पुलिस आयुक्त एवं जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मेडिकल शिविरों में आवश्यक दवाइयां पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें और चिकित्सकीय टीम पूरी तत्परता के साथ तैनात रहे, जिससे आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त एवं जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि महाशिवरात्रि एवं कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों के आवागमन को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं सुदृढ़ एवं सुव्यवस्थित रहें। प्रमुख कांवड़ मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के साथ आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग, पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।





