जन प्रवाद, ब्यूरो।
अमरोहा। सावन के पवित्र माह में अमरोहा के गजरौला में 116 बर्फ की सिल्लियों से बनाया गया विशाल शिवलिंग श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। अमरनाथ की तर्ज पर तैयार इस हिम शिवलिंग के दर्शन के लिए सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। देखिए, अमरोहा से हमारे संवाददाता कपिल चावला की खास रिपोर्ट
अमरोहा के गजरौला कोतवाली क्षेत्र के अल्लीपुर चोपला चौराहे स्थित शिव मंदिर के सामने स्थानीय युवाओं और शिव भक्तों ने एक अनोखी पहल की है। कई क्विंटल बर्फ की 116 सिल्लियों को तराशकर करीब 12 फीट ऊंचा विशाल शिवलिंग तैयार किया गया है। शिवलिंग के चारों ओर फूल-मालाओं और रंग-बिरंगी लाइटों से भव्य सजावट की गई है। बर्फ से निकलती ठंडक और धुंध श्रद्धालुओं को अमरनाथ धाम के हिम शिवलिंग का एहसास करा रही है। सावन के चलते मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की जा रही है। 
श्रद्धालु बर्फ के शिवलिंग पर बेलपत्र, दूध और गंगाजल चढ़ाकर जलाभिषेक कर रहे हैं। युवा शिवलिंग के साथ फोटो और सेल्फी लेने के लिए भी काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं। स्थानीय श्रद्धालुओं ने बताया कि गजरौला में पहली बार बर्फ का शिवलिंग बनाया गया है, जिसे देखने के लिए आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ दूर-दराज से भी भक्त पहुंच रहे हैं। मंदिर समिति के अनुसार सावन भर शिवलिंग को सुरक्षित रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। भीड़ को देखते हुए पुलिस भी मौके पर तैनात है।
वाईट :-विनीत गुर्जर
बर्फ का शिवलिंग बना आकर्षण, देखने के लिए उमड़ी भक्तों की भीड़
24-Aug-2026





