जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। केरल सहित पांच राज्यों में चुनावी सरगर्मियां तेज हैं। अब खबर आ रही है कि केरल में कांग्रेस सांसद शशि थरूर के काफिले पर हमला हुआ है। घटना केरल के वंदूर की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि हमले में उनके निजी सुरक्षा गार्ड और ड्राइवर घायल हो गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर एक आरोपी को हिरासत में भी ले लिया है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब 7.30 बजे मलप्पुरम जनपद के वंदूर स्थित चेल्लीथीड पुल पर यह घटना हुई। बताया जा रहा है कि जहां घटना हुई वहां पुल का संकरा है। इस वजह से यहां हमेशा जाम की स्थिति रहती है। यहां से होकर कांग्रेस सांसद शशि थरूर एनपी अनिल कुमार के चुनावी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। तभी उक्त जगह पर दो गाड़ियों ने उनकी कार का रास्ता रोक दिया। जब उनके सुरक्षा गार्ड और ड्राइवर सतीश केपी ने जाम हटाने की कोशिश की तो पांच लोगों ने मिलकर उन पर हमला कर दिया। हमले के बाद शशि थरूर ने जानकारी दी कि वे सुरक्षित हैं। उन्होंने एक्स पर जानकारी देते हुए अपने शुभचिंतकों को धन्यवाद दिया। उन्होंने लिखा कि मेरे निजी सुरक्षा गार्ड को हमले में चोट आई है। मैं पूरी तरह से सुरक्षित हूं। इस तरह के अवरोध हमें रोक नहीं पाएंगे। हमारा चुनाव अभियान बिना रुकावट के अनवरत जारी रहेगा। बता दें कि शशि थरूर के ड्राइवर की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में भी लिया है। जबकि, अन्य सभी आरोपियों की पहचान कर पुलिस उनकी गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।





