सत्य निकेतन हादसा : इमारत का मालिक राजस्थान के भिवाड़ी से पकड़ा गया

नयी दिल्ली, एजेंसी। दक्षिण पश्चिमी दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत के ढह जाने की घटना के बाद पुलिस ने इसके मालिक को राजस्थान के भिवाड़ी से गिरफ्तार कर लिया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। यह इमारत रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे मरम्मत कार्य के दौरान ढह गई। इसमें लड़कों का 'पेइंग गेस्ट' (पीजी) आवास था। इस घटना में अब तक मलबे से 12 लोगों को निकाला जा चुका है जिनमें से सात की मौत हो चुकी है। दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि भवन के मालिक हरिराम गुप्ता को राजस्थान के भिवाड़ी से पकड़ा गया है और उससे आगे भी पूछताछ जारी है।दक्षिण पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में एक इमारत ढहने से सात लोगों की मौत के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर दिल्ली नगर निगम के एक उपायुक्त समेत पांच अधिकारियों को सोमवार को निलंबित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोमवार को बताया कि गुप्ता के निर्देश पर एमसीडी के उपायुक्त, अधिशासी अभियंता, अधीक्षण अभियंता सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता को निलंबित कर दिया गया है। इससे पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सोमवार को दूसरे दिन घटनास्थल पहुंची और बचाव कार्यों का जायजा लिया। यह इमारत रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे मरम्मत कार्य के दौरान ढह गई। इसमें लड़कों का 'पेइंग गेस्ट' (पीजी) आवास था। इमारत के मलबे से अब तक 12 लोगों को निकाला जा चुका है जिनमें से सात लोगों की मौत हो गई है।