जन प्रवाद, ब्यूरो।
ग्रेटर नोएडा। जनपद गौतमबुद्ध नगर की तीनों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कुल 121 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 14 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।
बता दें कि तहसील सदर में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान कुल छह शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से एक शिकायत का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। आयोजित समाधान दिवस पर उपजिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, प्रभागीय वन अधिकारी रजनीकांत मित्तल, एसीएमओ डॉ. आरके सिरोहा, प्रभारी जिला विकास अधिकारी एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
इसी क्रम में तहसील दादरी में उपजिलाधिकारी दादरी अभिनेंद्र सिंह की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। यहां 55 शिकायतें दर्ज की गई, जिनमें से 11 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। इसी प्रकार तहसील जेवर में उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 60 शिकायतें प्राप्त हुई, जिनमें से दो शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।





