जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाना क्षेत्र के अंतर्गत रोशनपुर गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक स्कूली बस ने पांच वर्षीय मासूम बच्ची को कुचल दिया जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बच्ची इसी बस से स्कूल से आई थी। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। परिजनों चालक की लापरवाही की शिकायत दी है।
जानकारी के अनुसार दनकौर स्थित रोशनपुर गांव निवासी अरुण शर्मा की पांच वर्षीय बेटी भूमि तालड़ा गांव स्थित एक निजी स्कूल में कक्षा एक की छात्रा थी। गुरुवार दोपहर छुट्टी के बाद वह रोज की तरह स्कूल बस से घर लौटी थी। घर के पास बस से वह उतरी और जैसे ही घर की ओर चली तभी उसी स्कूल बस ने उसे कुचल दिया। इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक बस को छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों का आरोप है कि बस में कोई भी हेल्पर नहीं था। चालक की लापरवाही से से बच्ची की मौत हुई थी। पुलिस शिकायत के आधार पर कार्रवाई कर रही है।





