सड़क दुर्घटना में आठ लोगों की मौत

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
लखनऊ। यूपी के अंबेडकरनगर में भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। रविवार देर रात हुए इस हादसे ने लोगों पर गमगीन कर दिया है। अकबरपुर जलालपुर मार्ग पर अशरफपुर भुवा के पास ईंट-भट्ठे के पास पहले तो दो मोटर साइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इसके बाद घायलों की मदद के लिए वहां पहुंचे लोगों को एक बेलगाम अनियंत्रित कार ने रौंद दिया। इससे स्थिति और भी गंभीर हो गई। कार की टक्कर से आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। 


जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 11:30 बजे अकबरपुर जलालपुर मार्ग पर अशरफपुर के निकट दो बाइक आपस में टकरा गर्इं। दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर गए। इस दुर्घटना में घायलों की मदद के लिए आसपास के लोग वहां पहुंचे और उन्हें अस्पताल पहुंचाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान एक बेलगाम कार स्विफ्ट डिजायर कार ने सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंद दिया। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल हो गया। 

सूचना पर मौके पर क्षेत्राधिकारी जलालपुर अनूप कुमार सिंह मय थाना प्रभारी के साथ पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। दो अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनकी हालत ज्यादा खराब देकर उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज भेजा गया। यहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। 
इस बाबत अपर पुलिस अधीक्षक तेजवीर सिंह ने बताया कि सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना के कारण का पता लगाया जा रहा है। वहीं मृतक के परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। आसपास के लोग भी इस घटना से दुखी और सहमे हुए हैं।