जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। सोमवार देर रात मैहर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार एक्सयूवी कार सामने जा रहे ट्रक के पीछे घुस गई। तेज रफ्तार के चलते कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से खत्म हो गया। कार में सवार छह युवक अंदर फंस गए। इस हादसे में पांच युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।

जानकारी के अनुसार सभी युवक किसी रिश्तेदार के यहां से एक जन्मदिन की पार्टी में शामिल होकर मैहर लौट रहे थे। देर रात जब उनकी कार रिगरा गांव के पास पहुंची, तभी सामने से जा रहे ट्रक में घुस गई। हादसा इतना भयंकर था कि टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो कार की रफ्तार बहुत ज्यादा थी। इसके चलते चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में घुस गई। दुर्घटना के बाद वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह दब गया और उसमें बैठे लोग अंदर ही फंस गए।
सूचना मिलते ही डायल-112, हाईवे पेट्रोलिंग टीम, 108 एंबुलेंस और राष्ट्रीय राजमार्ग एंबुलेंस सेवा 1033 पहुंच गई। स्थानीय लोगों की सहायता से वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। रेस्क्यू टीम ने सभी घायलों को बाहर निकाला लेकिन तब तक पांच युवकों की मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल सिविल अस्पताल अमरपाटन पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया गया।





