जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली: उत्तराखंड की पावन भूमि पर स्थित श्री केदारनाथ धाम तीर्थ स्थल के कपाट भक्तों के लिए खोल दिए गए है। केदारनाथ धाम के कपाट आज यानी 22 अप्रैल से सुबह 8 बजे भक्तों के लिए खोले गए। इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंदिर में आने वाले भक्तों का स्वागत किया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि कपाट खुलने के पावन अवसर पर हम उत्तराखंड की इस दिव्य भूमि पर पवित्र चार धाम यात्रा के लिए आप सभी का हार्दिक स्वागत और अभिनंदन करते हैं।
इस बार बनाए गए है नए नियम
श्री केदारनाथ धाम के लिए इस वर्ष नए नियम बनाए गए है। मंदिर की ओर से जारी की गई गाइंडलाइंस के अनुसार मंदिर परिसर में किसी भी तरह की रील बनाना या वीडियोग्राफी करना मना है। इसके अलावा मंदिर परिसर में मोबाइल फोन का इस्तेमाल भी मना है। इसकी जानकारी रुद्रप्रयाग की एसपी निहारिका तोमर ने दी है। निहारिका ने बताया कि मंदिर प्रशासन ने एक मोबाइल काउंटर और लॉकर सिस्टम भी बनाया है। मैं सभी श्रद्धालुओं से अपील करना चाहूंगी कि वे मंदिर परिसर में किसी भी तरह की वीडियोग्राफी न करें और न ही रील बनाएं, ताकि इसकी गरिमा और पवित्रता बनी रहे।
एसपी ने कहा कि यहां बिना इजाज़त ड्रोन उड़ाना भी मना है। मंदिर प्रशासन ने भी श्रद्धालुओं से नियमों का पालन करने और मंदिर परिसर की पवित्रता बनाए रखने में मदद करने की अपील की है। 19 अप्रैल (अक्षय तृतीया) को चार धाम यात्रा के आधिकारिक तौर पर शुरू होने के साथ ही, बेस कैंपों में रिकॉर्ड संख्या में तीर्थयात्री जमा हो चुके हैं। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं के लिए एडवाइज़री जारी की है कि वे भारी ऊनी कपड़े साथ रखें, क्योंकि हाल ही में हुई बर्फबारी के कारण तापमान जमाव बिंदु के करीब बना हुआ है।





