जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली: मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर की प्रसिद्ध भस्म आरती के दर्शन के लिए श्रद्धालु लालायित रहते हैं। हर दिन श्रद्धालु महाकाल के भस्म आरती के लिए कतार में खड़े होकर परमिशन लेकर शामिल होते हैं लेकिन मंदिर समिति ने अब ऑफलाइन भस्म आरती की सुविधा खत्म कर दी है, जिससे निःशुल्क परमिशन वाले श्रद्धालुओं को अब इसके लिए भी 200 रुपए चुकाने होंगे।
ऐसे हो सकेगी महाकाल भस्म आरती की तत्काल बुकिंग
रिपोर्ट के मुताबिक महाकाल मंदिर समिति ने 9 अप्रैल से ऑफलाइन परमिशन को पूरी तरह से बंद कर दी है। अब एक दिन पूर्व महाकाल मंदिर की भस्म आरती की तत्काल बुकिंग वेबसाइट https://www.shrimahakaleshwar.mp.gov.in/ पर सुबह 8 बजे पोर्टल खुलने पर की जा सकेगी। यानी यदि आपको 16 अप्रैल के लिए बुकिंग करनी है, तो 15 अप्रैल सुबह 8 बजे पोर्टल खुलते ही बुकिंग करनी होगी।

पहले आओ पहले पाओ की तर्ज पर होगी तत्काल बुकिंग
श्री महाकालेश्वर मंदिर समिति के नए निर्णयों के मुताबिक बीते 9 अप्रैल से ऑफलाइन भस्म आरती परमिशन को पूरी तरह से बंद कर दी गई है। तत्काल बुकिंग के लिए सिर्फ 300 दर्शनर्थियो के लिए अनुमति होगी और बुकिंग के लिए प्रति श्रद्धालु 200 रुपए ऑनलाइन फीस देनी होगी। तत्काल बुकिंग पहले आओ पहले पाओ की तर्ज पर होगी।
1 माह पूर्व लेना होगा नियमित भस्म आरती का परमिशन
भस्म आरती की सामान्य ऑनलाइन बुकिंग में भी बदलाव किया गया है। इसके लिए पहले विंडो तीन माह पहले खुलती थी, लेकिन अब एक माह पहले खुलेगी। मई माह के लिए नियमित बुकिंग विंडो 21 अप्रैल सुबह 8 बजे खुलेगी। वहीं, जून एवं आगामी महीनों के लिए बुकिंग एक महीने पहले खुलेगी। यानी जून की बुकिंग 1 मई से और जुलाई की बुकिंग 1 जून से प्रारंभ होगी. हर माह की 1 तारीख को सुबह 8 बजे खुलेगी।





