प्रभु श्री राम के जन्मोत्सव पर देश भर में उत्सव का माहौल, प्रधानमंत्री समेत कई नेताओं ने दी शुभकामनाएं 

जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली:  धर्म, सत्य और मर्यादा के प्रतीक प्रभु श्री राम के जन्मोत्सव रामनवमी पर देशभर में उत्सव का माहौल है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत कई बड़े नेताओं ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी शुभकामनाएं 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने प्रार्थना की है कि भगवान राम की कृपा से सबका कल्याण हो जिससे विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की सिद्धि का मार्ग प्रशस्त हो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स’ पर पोस्ट किया कि देशभर के मेरे परिवारजनों को रामनवमी की असीम शुभकामनाएं। त्याग, तप और संयम से भरे मर्यादा पुरुषोत्तम के जीवन से हमें हर परिस्थिति का पूरे सामर्थ्य से सामना करने की प्रेरणा मिलती है। उनके आदर्श अनंतकाल तक भारतवासियों के साथ-साथ संपूर्ण मानवता के पथ-प्रदर्शक बने रहेंगे। मेरी कामना है कि भगवान राम की कृपा से सबका कल्याण हो, जिससे विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की सिद्धि का मार्ग प्रशस्त हो।

शिवराज सिंह चौहान ने दीं मंगलकामनाएं
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर देशवासियों को रामनवमी की बधाई दी। उन्होंने प्रभु श्री राम की कृपा सभी पर बनी रहने की कामना करते हुए कहा कि हर घर में प्रेम, सौहार्द और संस्कार का विस्तार हो।

 

योगी आदित्यनाथ बोले—प्रभु राम आदर्शों के प्रतीक
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में कहा कि प्रभु श्री राम भारतीय चेतना के आदर्श हैं, जिनमें करुणा और कर्तव्य का अद्भुत संतुलन है। उन्होंने कहा कि रामनवमी हमें सत्य, करुणा और समरसता को जीवन में अपनाने की प्रेरणा देती है।

नीतीश कुमार ने बताया प्रेरणा का स्रोत
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रामनवमी पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान राम का जीवन पूरी मानवता के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने इसे प्रेम, सहनशीलता, त्याग और मर्यादा का प्रतीक बताया।

नितिन नबीन ने भी दीं शुभकामनाएं
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने भी रामनवमी के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रभु श्री राम से सभी के उत्तम स्वास्थ्य और सौभाग्य की कामना की।