देश में धूमधाम से मनाई जा रही है ईद, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने दी शुभकामनाएं 

जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली: देशभर में आज यानी 21 मार्च को ईद मनाई जा रही है। ईद‑उल‑फितर इस्लाम धर्म के सबसे प्रमुख त्योहारों में से एक है। इस पर्व को मीठी ईद के नाम से भी जाना जाता है। यह त्योहार रमजान के पाक महीने के खत्म होने पर मनाया जाता है। आज खुशी और भाईचारे का पर्व ईद-उल-फितर बड़े उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। आज लोग मस्जिदों में नमाज़ अदा करते हैं, गले मिलते हैं और एक-दूसरे को मुबारकबाद देते हैं। मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज़ के समय पहले ही तय कर दिए गए हैं। ईद के दिन की शुरुआत खास नमाज़ से होती है, जिसे ‘ईद की नमाज़' कहा जाता है।

राष्ट्रपति- प्रधानमंत्री समेत तमाम नेताओं ने दी मुबारकबाद
 राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत तमाम नेताओं ने ईद की शुभकामनाएं दी है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी X पोस्ट के जरिए ईद की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा- सभी देशवासियों, विशेषकर मुस्लिम बहनों और भाइयों को हार्दिक बधाई। यह त्योहार आत्मसंयम, सेवा, परोपकार एवं वंचित वर्गों के प्रति दया का भाव रखने की सीख देता है। पीएम मोदी ने भी X पर लिखा- ईद-उल-फितर की हार्दिक शुभकामनाएं। कामना है कि यह दिन चारों ओर भाईचारे और सद्भावना को और अधिक बढ़ाए। सभी लोग सुखी और स्वस्थ रहें।

क्या है ईद का महत्व
 मुस्लिम कैलेंडर का नौवां महीना, रमज़ान सबसे पवित्र समयों में से एक है, क्योंकि इसी महीने में पवित्र ग्रंथ कुरान नाज़िल हुआ था। रमजान के महीने के दौरान रोजा रखा जाता है। रोजा में सुबह से लेकर दिन छिपने तक कुछ खाया या पिया नहीं जाता है। रमज़ान के आखिर में ईद-उल-फितर रोज़ा तोड़ने का जश्न होता है. इस दिन दोस्त और परिवार के लोग मिलकर दावत करते हैं और एक-दूसरे को तोहफे देते हैं। ईद-उल-फितर यानी मीठी ईद पर अल्लाह के प्रति आभार व्यक्त किया जाता है। यह त्यौहार जो भाईचारे, दान और खुशी का संदेश देता है।