जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली: उत्तराखंड स्थित बदरीनाथ धाम तीर्थ स्थल के कपाट भक्तों के लिए खोल दिए गए है। स्थल के कपाट 23 अप्रैल यानी वीरवार सुबह भक्तों के लिए खोले गए है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बद्रीनाथ पहुंंचकर भगवान के दर्शन किए और विश्व कल्याण की प्रार्थना की। पूरे बद्रीनाथ धाम में भक्ति, उल्लास और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। कपाट खुलने से पहले मंदिर को बेहद भव्य और आकर्षक ढंग से सजाया गया। इस वर्ष की सजावट विशेष रही, क्योंकि लगभग 24 कुंतल फूलों से मंदिर परिसर को सजाकर भगवान बद्री विशाल का दिव्य श्रृंगार किया गया। रंग-बिरंगे फूलों की सुगंध और सौंदर्य ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
सुबह 4:30 बजे खुले मंदिर के कपाट
कपाट खोलने की प्रक्रिया सुबह 4:30 बजे से ही प्रारंभ हो गई थी। परंपराओं का पालन करते हुए सबसे पहले माता लक्ष्मी को उनके मंदिर में विराजमान किया गया। इसके बाद दक्षिण द्वार से भगवान कुबेर और उद्धव जी की मूर्तियों को मंदिर परिसर में प्रवेश कराया गया। दोनों को गर्भगृह में स्थापित किया गया, जबकि माता लक्ष्मी अपने स्थान पर विराजमान हुईं। सभी धार्मिक अनुष्ठान विधिवत और परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न किए गए। इस प्रकार पूरे विधि-विधान, श्रद्धा और भव्यता के साथ बद्रीनाथ धाम के कपाट खोले गए, जिससे भक्तों में अपार उत्साह और आस्था का संचार हुआ।
एक दिन पहले खुले थे केदारनाथ के कपाट
इससे एक दिन पहले 22 अप्रैल को चार धाम में से एक केदारनाथ धाम के कपाट खोले गए थे। जहां हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए थे। इस दैरान सीएम धामी ने अपने परिवार के साथ केदारनाथ धाम मंदिर में पूजा अर्चना की थी। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी एक्स पर पोस्ट करते हुए खुशी जताई थी।





