योगी की पाती का विमोचन, प्रदर्शनी का भी वर्चुअल उद्घाटन

जन प्रवाद, ब्यूरो।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के 25 करोड़ प्रदेश वासियों के साथ संवाद की आत्मीय और अनूठी यात्रा के स्वर्णिम 50 सप्ताह के उपलक्ष्य में प्रकाशित ‘योगी की पाती’ कॉफी टेबल बुक का लखनऊ में विमोचन किया। साथ ही संवाद यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी का वर्चुअल उद्घाटन भी किया गया।  इस अवसर पर सीएम योगी ने कहा कि हमने इस पाती के माध्यम से युवाओं, नारी शक्ति तथा अन्नदाता किसानों से लेकर श्रमिकों तक, समाज के हर उस तबके को स्पर्श करने का प्रयास किया है, जो इस व्यवस्था का किसी न किसी रूप में महत्वपूर्ण हिस्सा है।


उन्होंने इसके प्रकाशन को लेकर विभिन्न समाचार पत्रों, डिजिटल न्यूज चैनलों तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का हार्दिक आभार एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि पाती के माध्यम से आपसे संवाद करते हुए 50 सप्ताह कब पूर्ण हो गए, पता ही नहीं चला। गत एक वर्ष में लिखे गए ये पत्र मेरे लिए केवल विचारों की अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि प्रदेश की जनभावनाओं को समझने, उन्हें स्वर देने और उनके अनुरूप एक व्यापक दृष्टि साझा करने का माध्यम भी बने हैं।

सीएम योगी ने कहा कि मुझे यह जानकर विशेष प्रसन्नता होती है कि इस संवाद की गूंज प्रदेश की सीमाओं को पार कर देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंची है। आत्मीय सुख-दु:ख की इस संवाद-श्रृंखला को और सुदृढ़ करें। विचारों की यह साझेदारी विश्वास का ऐसा सेतु बने, जो सरकार और समाज को एक-दूसरे के निकट लाए। हम सब मिलकर ऐसे उत्तर प्रदेश के निर्माण का संकल्प लें, जो समृद्धि में अग्रणी और संस्कारों में श्रेष्ठ हो।