जन प्रवाद, ब्यूरो।
देहरादून। मंगलवार की सुबह उत्तराखंड में एक भीषण हादसा हो गया। ऋषिकेश में सवारियों से भरी एक बस 100 मीटर नीचे पानी में समा गई।बस में करीब 35 लोग सवार थे। सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। इस हादसे में 8 लोगों की मौत की खबर है। जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह थाना मुनिकीरेती के अंतर्गत हरिद्वार से चमोली जा रही विश्वनाथ सेवा की बस ऋषिकेश के नजदीक गुलर क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने 19 घायल यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर एम्स भर्ती किया गया है। जबकि, हादसे में 8 की मौत हो गई है। एसडीआरएफ के अनुसार हादसे की सूचना मिलते ही ब्यासी और ढालवाला पोस्ट से टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर मंगलवार सुबह हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। पीएमओ की तरफ से कहा गया कि उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में हुए हादसे में लोगों की जान जाने की खबर से गहरा दुख हुआ। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। हादसे में घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ कमांडेंट अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर अतिरिक्त टीमें भी घटनास्थल के लिए रवाना की गई हैं। मौके पर पुलिस बल भी मौजूद है। एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। खाई में फंसे अन्य यात्रियों की तलाश और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान जारी है।
इसके अलावा एक अन्य सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। उत्तराखंड में सड़क हादसे की दूसरी घटना रुद्रप्रयाग में हुई। बीती रात पोखरी से शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहा मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में सवार 10 लोगों में से चार की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। इनमें चार की गंभीर हालत को देखते हुए श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया है।





