जनप्रवाद ब्यूरो, नोएडा। ब्रह्मोस और अग्नि से आगे बढ़कर भारत ने एक नया मिसाइल कार्यक्रम तैयार किया है। इसका नाम ज्वाला माइक्रो यानी ज्वाला एमके 1 मिसाइल रखा गया है। इसकी धधक में दुश्मन के इरादे जलकर भस्म हो जाएंगे। इसकी मदद से दुश्मन के ड्रोन झुंडों को कम खर्चें में पलभर तबाह किया जा सकेगा।
हकीकत बने ड्रोन वॉरफेयर
ड्रोन वॉरफेयर 21वीं सदी की हकीकत बन चुकी है। दुनिया के तमाम देश इस उभरते हुए सेक्टर में हजारों-लाखों करोड़ रुपये निवेश कर रहे हैं। ड्रोन के जरिये बहुत ही कम खर्च में दुश्मन खेमे में बड़ी तबाही लाई जा सकती है। ड्रोन के बढ़ते खतरे से निपटने के लिए तमाम तरह के उपाय भी किए जा रहे हैं। ऐसे में भारत में ने भी इसकी तैयारी कर ली है। भारत की निजी क्षेत्र की कंपनी ने ज्वाला माइक्रो यानी ज्वाला एमके 1 मिसाइल बनाई है। इसकी मदद से ड्रोन जैसे गंभीर खतरे से निपटने के लिए ब्रह्मोस और अग्नि-5 जैसी महंगी मिसाइलों की जरुरत नहीं पड़ेगी। बता दें कि ज्वाला एमके 1 भारत की पहली स्वदेशी रूप से विकसित निजी क्षेत्र की माइक्रो-मिसाइल प्रणाली है। इसे भारतीय रक्षा फर्म आईजी डिफेंस द्वारा तैयार किया गया है।
रक्षा कंपनी ने किया एमओयू
रक्षा कंपनी आईजी डिफेंस ने आंध्र प्रदेश सरकार के साथ नेल्लोर में 200 एकड़ का मिसाइल विकास और निर्माण कॉम्प्लेक्स स्थापित करने के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता आंध्र प्रदेश के आईटी मंत्री नारा लोकेश और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू की मौजूदगी में हुअ। बता दें कि दुनिया भर के हालिया संघर्षों से यह साफ हो गया है कि लंबे युद्ध में मिसाइलों, एयर डिफेंस इंटरसेप्टर और सटीक हथियारों का भंडार कितनी तेजी से खत्म हो जाता है। ऐसे उत्पादन क्षमता और सप्लाई चेन को मजबूत करना बेहद जरुरी हो गया है। भारत को दो विवादित सीमाओं पर सुरक्षा चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। नए हवाई खतरों के खिलाफ तैयारियां बढ़ानी हैं। ऐसे भारत सरकार सरकारी के अलावा निजी क्षेत्र को भी बढ़ावा देने की नीति पर चल रही है। आईजी डिफेंस ने मिसाइल कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि ज्वाला कार्यक्रम के तहत विकसित सॉलिड रॉकेट मोटर्स का सफल टेस्ट-फायरिंग हो चुका है। नवंबर 2026 में आईजी डिफेंस ने डीआरडीओ के अधिकारियों के सामने ज्वाला माइक्रो-मिसाइल और केएएल स्ट्राइक ड्रोन का प्रदर्शन किया था। जिसमें यह पूरी तरह सफल रही।
ड्रोन झुंडो के हमले का खतरा
आईजी डिफेंस के एवीपी विंग कमांडर अनूप शर्मा ने कहा कि ड्रोन झुंडो के हमले का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में काउंटर सिस्टम को भी उसी गति से विकसित होना चाहिए। ज्वाला इसी सोच के साथ बनाई जा रही है। यह मिसाइल न सिर्फ सस्ती होगी बल्कि बड़े पैमाने पर तैनात की जा सकेगी। बता दें कि ज्वाला को अकेले मिसाइल के रूप में नहीं बल्कि व्यापक ग्रिड इकोसिस्टम के हिस्से के रूप में विकसित किया जा रहा है। यह एआई आधारित बैटल मैनेजमेंट सिस्टम है जो सेंसर, इफेक्टर्स और कमांड सिस्टम को जोड़ता है। यह सिस्टम डिटेक्शन, पहचान, ट्रैकिंग, खतरे का आकलन और एंगेजमेंट मैनेजमेंट को एक साथ लाता है। ग्रिड कई सेंसरों से जानकारी लेकर साझा तस्वीर बनाता है। हवाई खतरों को ट्रैक करता है और हथियारों को निर्देशित करता है। इस तरह सेंसर से शूटर तक का पूरा खाका तैयार होगा। जिसमें ज्वाला हार्ड-किल इंटरसेप्टर का काम करेगी। यह विकास आत्मनिर्भर भारत की दिशा में निजी क्षेत्र की महत्वपूर्ण भागीदारी को दर्शाता है। ज्वाला मिसाइल कार्यक्रम इंजीनियरिंग, उत्पादन, क्वालिटी कंट्रोल और औद्योगिक प्रक्रियाओं को इंटीग्रेट करेगा। यह भारत की विदेशी आपूर्तिकर्ताओं पर निर्भरता कम करने और हथियार निर्माण श्रृंखला में घरेलू क्षमता बढ़ाने के व्यापक प्रयास का हिस्सा है। बता दें कि लंबे सैन्य अभियानों में गोला-बारूद, स्पेयर पार्ट्स और रिप्लेसमेंट की निरंतर आपूर्ति के लिए स्वदेशी उत्पादन बेहद जरूरी है। ऐसे में यह मिसाइल कार्यक्रम रक्षा क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होेगा।





