अभेद्य होगी लालकिले की सुरक्षा, 20 हजार जवान व तकनीकी सुरक्षा पर फोकस

जन प्रवाद, ब्यूरो।
नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर दिल्ली में लालकिले को अभेद्य सुरक्षा में तब्दील कर दिया गया है। डीसीपी नॉर्थ राजा बांठिया के अनुसार सुरक्षा के मद्देनजर बल और तकनीकी दोनों तरह से मजबूत किया गया है। समारोह के दौरान विभिन्न एजेंसियों के करीब 15 से 20 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। 


उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था में दिल्ली पुलिस की ट्रैफिक यूनिट, नॉर्थ जिला की टीमें, स्थानीय पुलिस, पीसीआर, स्पेशल ब्रांच और स्पेशल सेल के साथ अन्य सुरक्षा बल शामिल होंगे। इसके अलावा बड़ी संख्या में अर्धसैनिक बलों की कंपनियां, कमांडो और एनएसजी की टीमें भी तैनात रहेंगी। इनमें हिट टीमें और स्नाइपर भी शामिल होंगे। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ की टीम भी अलर्ट रहेंगी। वहीं, क्विक रिएक्शन टीमें (क्यूआरटी) रणनीतिक स्थानों और वॉचटावर पर तैनात की जाएंगी। तकनीकी सुरक्षा व्यवस्था के तहत लाल किले और आसपास के इलाकों में एक हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इनकी निगरानी के लिए कंट्रोल रूम बनाए गए हैं, जहां प्रशिक्षित कर्मी कैमरों की लाइव फीड पर नजर रखेंगे। जमीनी स्तर पर त्वरित कार्रवाई करने वाली टीमों के लिए भी विशेष स्थान निर्धारित किए गए हैं।


डीसीपी ने बताया कि जरूरत के अनुसार विभिन्न स्थानों पर वीडियो एनालिटिक्स तकनीक का भी इस्तेमाल किया गया है। इसमें फेसियल रिकग्निशन सिस्टम (एफआरएस), नंबर प्लेट रिकग्निशन और घुसपैठ का पता लगाने वाली प्रणाली शामिल है। कुछ पुलिसकर्मी बॉडी-वॉर्न कैमरों से भी लैस होंगे।
ड्रोन से संभावित खतरे से निपटने के लिए एंटी-ड्रोन सिस्टम भी लगाए गए हैं। साथ ही पुलिस आॅनलाइन सोशल मीडिया पर होने वाली गतिविधियों पर विशेष नजर रख रही है। डीसीपी ने बताया कि सभी ब्रीफिंग और प्रशिक्षण सत्र पूरे हो चुके हैं और सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है।