यूपी के कोटेदारों को बड़ी सौगात, अब 125 रुपये प्रति कुंतल होगा लाभांश

जन प्रवाद, ब्यूरो।
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को लोक भवन सभागार, लखनऊ में प्रदेश के उचित दर विक्रेताओं के हित में महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में वृद्धि करते हुए इसे 90 से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति कुंतल किए जाने की घोषणा की। इसके साथ ही सिंगल स्टेज डोर स्टेप डिलीवरी व्यवस्था के अंतर्गत ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का भी शुभारंभ किया गया। सरकार के इस निर्णय से प्रदेशभर के उचित दर विक्रेताओं को आर्थिक रूप से मजबूती मिलने के साथ ही सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी।


इसी क्रम में जनपद गौतमबुद्ध नगर के कलेक्ट्रेट सभागार में लखनऊ में आयोजित सीएम योगी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में विधायक दादरी तेजपाल नागर, भाजपा जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, जिलाधिकारी सहित जनपद के वरिष्ठ अधिकारी, पूर्ति विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में उचित दर विक्रेता उपस्थित रहे।
सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं उपस्थित कोटेदारों द्वारा सीएम योगी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा एवं सुना गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उचित दर विक्रेताओं के हित में किए गए निर्णय एवं नई ई-पॉस आधारित फीडबैक प्रणाली के शुभारंभ की जानकारी उपस्थित लोगों ने प्राप्त की।


इस अवसर पर विधायक दादरी तेजपाल नागर ने जनपद गौतमबुद्धनगर की 361 उचित दर दुकानों के कोटेदारों को लाभांश में की गई वृद्धि के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा उचित दर विक्रेताओं के हित में लिया गया यह महत्वपूर्ण निर्णय उनके आर्थिक हितों को मजबूत करने वाला है। उन्होंने कहा कि उचित दर विक्रेता सार्वजनिक वितरण प्रणाली की महत्वपूर्ण कड़ी है और उनके हित में किए जा रहे प्रयासों से राशन वितरण व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।    
जिलाधिकारी ने भी जनपद के सभी उचित दर विक्रेताओं को लाभांश वृद्धि की शुभकामनाएं दीं और शासन द्वारा लिए गए निर्णय का स्वागत किया गया।
इस अवसर पर जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि विधानसभा नोएडा एवं दादरी के लिए कार्यक्रम कलेक्ट्रेट सभागार तथा विधानसभा जेवर का कार्यक्रम तहसील जेवर सभागार में आयोजित किया गया। वहां पर भी सीएम योगी के लखनऊ में आयोजित हुए कार्यक्रम का जेवर ब्लॉक प्रमुख मुन्नी देवी पहाड़िया, उप जिलाधिकारी दुर्गेश सिंह तथा पूर्ति विभाग के अधिकारियों सहित कोटेदारों द्वारा सजीव प्रसारण देखा गया।