जन प्रवाद, ब्यूरो।
रामपुर। उत्तर प्रदेश के रामपुर जनपद से आई एक खबर ने सभी को झकझोर दिया है। दरअसल, महिला सिपाही और उसके बेटे की मौत हादसे से नहीं बल्कि उनकी हत्या की गई थी। इसके लिए प्लान पहले से ही तैयार था। हत्या के बाद दोनों के शव जलाने के लिए कार में आग लगा दी गई थी जिससे लगे कि यह हादसा था। पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए महिला सिपाही के पति और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया है। घटना में शामिल दो अन्य साथी फरार हैं जिनकी तलाश जारी है।

रामपुर पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने बताया कि दान सिंह की लता के साथ दूसरी शादी थी। इससे पहले उसकी शादी शाहबाद थाना क्षेत्र के ग्राम पसतौर निवासी रजनी के साथ हुई थी। वर्ष 2015 में ग्राम रौरा कला में हुए सड़क हादसे में रजनी की मौत हो गई थी। उन्होंने बताया कि गंज कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत काशीपुर गांव के पास 25 फरवरी की रात यह घटना हुई थी। एसपी के अनुसार किराये पर टैक्सी चलवाने वाला दान सिंह अपनी पत्नी लता सिंह, दो साल के बेटे लड्डू और मिलक कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जमापुर निवासी अपने रिश्तेदार रवि कुमार के साथ नई कार लेने की खुशी की बात कहकर नैनीताल घूमने गया था। वहां से लौटते समय काशीपुर गांव के पास डंपर द्वारा कार में साइड मारने और उससे बाद कार में आग लगने के कारण पत्नी व बेटे की मौत की बात कही गई थी।

इस मामले में पुलिस ने रास्ते के कैमरों की फुटेज, फोन कॉल डिटेल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मिले संकेतों के आधार पर जांच की। जांच में घटना का पूरी तरह से एंगल ही बदल गया। एसपी ने बताया कि पति दान सिंह उसके साथी टांडा थाना क्षेत्र के सोनकपुर निवासी नूर हसन और पटवाई थाना क्षेत्र के मदारपुर निवासी सलमान को गिरफ्तार कर लिया है। दान सिंह के रिश्तेदार जमापुर निवासी रवि और पनवड़िया निवासी प्रदीप की तलाश जारी है। एसपी ने बताया कि महिला सिपाही के वेतन का खाता बैंक आफ बड़ौदा में था। बैंक से महकमे के एमओयू के मुताबिक हादसे में खातेदार की मौत पर परिवार को एक से डेढ़ करोड़ रुपये तक की आर्थिक मदद दी जाती है। इसके अलावा मौत के बाद सिपाही से जुड़े अन्य सरकारी भुगतान भी पति को मिलते हैं। आरोपी दान सिंह ने इस रकम के लालच में हत्या की बात स्वीकार कर ली है।

बता दें कि कार में ही सवार महिला सिपाही के पति ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसे मार डाला था। आरोपी ने पत्नी को मारने के लिए पहले से ही तैयारी कर ली थी। उसने नैनीताल से आते समय बाजपुर में ही पत्नी और बेटे को कोल्ड ड्रिंक में नींद की गोलियां मिलाकर पिला दी थीं।
इसके बाद काशीपुर रोड पर कार में एक डंपर से हल्की टक्कर लगाई और दो दोस्तों से पेट्रोल मंगवाकर कार में आग लगा दी। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने बताया कि सीतापुर निवासी लता ने वर्ष 2021 में मिलक के ग्राम बेहटरा निवासी दान सिंह के साथ लव मैरिज की थी। शादी के बाद से लता सीतापुर में रहने के लिए दान सिंह पर दबाव डाल रही थी। जिस पर उसने लता और बेटे लड्डू को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। उसने अपने इस प्लान में रवि के अलावा नूरहसन, प्रदीप कुमार और अब्दुल करीम को शामिल किया।





