जन प्रवाद, ब्यूरो।
लखनऊ। मंगलवार तड़के उत्तर प्रदेश के कई जनपद गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठे। तड़के जहां बरेली में पुलिस ने डबल मर्डर के आरोपी को ढेर कर दिया, वहीं बेखौफ बदमाशों ने गोरखपुर में चौहान समाज के नेता राजकुमार चौहान की गोली मारकर हत्या कर दी। वे सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। बदमाशों ने इस वारदात को घर के पास ही अंजाम दिया। इस वारदात के बाद से क्षेत्र में दहशत और तनाव व्याप्त है। बता दें कि बरगवां निवासी राजकुमार चौहान प्रॉपर्टी डीलर का काम करते थे। साथ ही सामाजिक कार्यों के लिए काफी सक्रिय रहते थे। रोज की तरह वह मंगलवार तड़के करीब 5.30 बजे वे घर से टहलने के लिए निकले थे। घर से करीब 300 मीटर दूर जैसे ही वह एक बगीचे के पास पहुंचे, वहां घात लगाए बैठे अज्ञात बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। उनके सिर और सीने में गोली लग गई जिससे वह वहीं जमीन पर गिर गए। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। हालांकि, तब तक बदमाश वहां से फरार हो चुके थे।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
इस घटना की जानकारी होते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने तत्काल राजकुमार चौहान को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। इस घटना की सूचना आग की तरह फैल गई, जिसके बाद उनके समर्थकों की भारी भीड़ जुट गई। समर्थकों में तनाव को देखते हुए एहतियास के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया।
यही नहीं सूचना मिलते ही मौके पर एसडीएम डॉ. कोमल सिंह एवं अन्य पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। फिलहाल पुलिस इस ममाले को पुरानी रंजिश या व्यापारिक विवाद मानकर जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि राजकुमार चौहान समाज के बड़े नेता थे। पुलिस राजनीतिक पहलुओं की भी जांच कर रही है। वहीं आसपास के सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि बदमाश बाइक पर सवार थे। उन्हें उनके रोजाना टहलने के लिए आने की जानकारी थी। एसएसपी डॉ. कौशुभ का कहना है कि अपराधियों की धरपकड़ के लिए कई
टीमों का गठन किया गया है। वहीं कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर अपराधी सलाखों के पीछे होंगे।





