जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को भीषण बारिश के बाद आसमान पर सिर्फ बादल छाए हुए हैं। वहीं पश्चिमांचल और पूर्वांचल में बारिश कहर बरपा रही है। पश्चिमी यूपी में नदियां उफान पर हैं। कई जगहों पर पुल के ऊपर से पानी बह रहा है। शुक्रवार देर रात लखनऊ, सुल्तानपुर, अयोध्या समेत 10 शहरों में तूफानी बारिश हुई। शनिवार तक रुक-रुक कर बूंदाबांदी होती रही। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए सभी 75 जिलों में बारिश और ओले गिरने का अलर्ट जारी किया है।

13 शहरों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जबकि 27 शहरों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बिजनौर में गंगा और उसकी सहायक मालन नदी उफान पर है। पुल पर पानी आने से मेरठ-बिजनौर हाईवे, हरिद्वार रोड समेत कई रूट पर यातायात बंद कर दिया गया है। हापुड़ में भारी बारिश की वजह से अंडरपास में पानी भर गया। थार कार डूब गई। जेसीबी से खींचकर बाहर निकाला।

मेरठ में नेशनल हाईवे की बाउंड्री वॉल धंस गई। रेलवे अंडरपास में जलभराव होने से कार डूब गई। कार सवार दो युवक फंस गए। पुलिस ने रस्सी से खींचकर दोनों को निकाला। प्रदेश में अब तक 3 दिन में 15 लोगों की मौत हो चुकी है। सबसे ज्यादा 4 मौतें गाजियाबाद में हुई हैं। सीएम योगी ने अफसरों को फील्ड में उतरकर पीड़ितों को तुरंत मुआवजा दिलाने का निर्देश दिया है। इससे पहले, भारी बारिश की वजह से शुक्रवार शाम 4 बजे बिजनौर में 2 हादसों में चार लड़के नदी के तेज बहाव में बह गए। एक को बचाया गया है, बाकी की तलाश जारी है। सहारनपुर में कब्रिस्तान की मिट्टी बह गई। कब्रों में दफन शव बहकर बाहर आ गए। मुजफ्फरनगर में नहर ओवरफ्लो होकर टूट गई।





