जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। उत्तर प्रदेश में एक बार फिर से मौसम करवट लेगा। 27 मार्च से यूपी के कई जिलों में आंधी-तूफान साथ छिटपुट बूंदाबांदी होगी। वहीं पश्चिमी यूपी के ज्यादातर जनपदों में आसमान पर बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग की मानें तो गुरुवार को आगरा, मथुरा और बरेली समेत कई जनपदों में बूंदाबांदी होगी। पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में परिवर्तन हो रहा है। बता दें कि पिछले सप्ताह से शुरू हुआ आंधी और बारिश का दौर मार्च के अंत तक रहने की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो गरज और चमक के साथ बारिश होगी। साथ ही कुछ जगहों पर ओले भी गिरने की संभावना है। बात अगर बुधवार और गुरुवार सुबह तक की करें तो प्रदेश में कहीं भी बारिश नहीं हुई। नोएडा सहित दिल्ली एनसीआर में धूप निकली।

इससे तापमान में भी वृद्धि दर्ज की गई। यूपी का प्रयागराज सबसे गर्म रहा, यहां अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेंटीग्रेड दर्ज किया गया। सबसे कम तापमान बिजनौर में 14.5 दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं। 27 मार्च से पश्चिमी यूपी में बूंदाबांदी की शुरुआत होगी। इसके बाद इसका असर पूर्वी यूपी तक पहुंच जाएगा। जबकि, दूसरा विक्षोभ 29 मार्च को सक्रिय होगा। इससे पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश होगी। साथ ही 40-50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। तापमान में 4 से 5 डिग्री की गिरावट आएगी।





