जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। मंगलवार को हल्की बारिश से नोएडा व दिल्ली-एनसीआर में मौसम सुहावना हो गया है। उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली है। हालांकि, अभी घरों के अंदर उमस का कहर बरकरार है। बुधवार सुबह आसमान पर बादल छाए रहे, बारिश की संभावना जताई जा रही है।
बता दें कि यूपी में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। लगातार हो रही बारिश से नदियां उफान पर हैं। बिजनौर और फर्रूखाबाद में गंगा नदी खतरे के निशान से ऊपर है। 40 से ज्यादा गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। नदी का पानी हाईवे के ऊपर से बहकर निकल रहा है।

वहीं बिजनौर में हाईवे की अप्रोच रोड नदी के तेज बहाव में बह गई। सड़क पर 12 फीट गहरा गड्ढा हो गया। इसके अलावा फर्रूखाबाद में चित्रकूट डिपो के पास बैरिकेडिंग कर हाईवे को बंद करना पड़ा। इसके बाद वाहनों को रूट डायवर्ट कर दूसरे रास्ते से निकालना पड़ा।
बुधवार सुबह से कानपुर, कन्नौज व आसपास के क्षेत्रों मेंं तेज बारिश हो रही है। लखनऊ, बाराबंकी, प्रयागराज और वाराणसी समेत 30 शहरों में बादल छाए हुए हैं। आज सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट है। 65 शहरों में भारी बारिश के आसार हैं। तेज बारिश के चलते शामली में पानी के तेज बहाव में एक कार बह गई। एक स्कूल बस अंडरपास में फंस गई।

उसे ट्रैक्टर की मदद से बाहर निकाला गया। मिर्जापुर में बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं में तीन लोगों की जान चली गई। सिक्स-लेन सड़क निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। बिजली गिरने से 25 साल के एक युवक की जान चली गई। इस तरह से बारिश के चलते यूपी में मरने वालों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है।





