जन प्रवाद, ब्यूरो।
फर्रूखाबाद। यूपी में पिछले करीब एक माह से हो रही भीषण जोरदार बारिश से नदियां उफान पर हैं। काशी में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। पानी मणिकर्णिका घाट तक पहुंच गया है। सभी 84 घाटों की सीढ़ियां डूब गई हैं। उनका आपस में संपर्क टूट गया है। गंगा नदी का पानी 50 से 60 छोटे मंदिरों में घुस चुका है।
वहीं यूपी के फर्रूखाबाद में गंगा नदी खतरे के निशान पर पहुंच गई है। किनारों पर कटान काफी तेजी सेग हो रहा है। पिछले 2 दिनों में 8 घर नदी में पूरी तरह से समा चुके हैं। इसके अलावा करीब 10 से ज्यादा गांवों के चारों तरफ पानी भर गया है जिससे उनका संपर्क टूट गया है। बलिया में भी सरयू नदी में 27 घर समा चुके हैं।

बता दें कि बिजनौर में पिछले 10 दिनों से गंगा का पानी स्टेट हाईवे के ऊपर से बह रहा है। आधा दर्जन गांव जलमग्न हो चुके हैं। वहीं सीतापुर में शारदा और घाघरा नदियां उफान पर हैं। 400 बीघा जमीन जलमग्न हो चुकी है। 25 गांवों पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। शनिवार सुबह से उन्नाव में रुक-रुककर बारिश हो रही है। वहीं लखनऊ, गोरखपुर और आगरा सहित 50 शहरों में बादल छाए हैं। शनिवार को 66 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। झांसी और जालौन समेत 7 शहरों में भारी बारिश हो सकती है। शुक्रवार को 70 शहरों में मूसलाधार बारिश हो रही है। संभल में सबसे अधिक 79.3 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं गाजियाबाद और नोएडा में हाईवे और सड़कें तालाब बन गईं। गली-मोहल्लों में 4 फीट तक पानी भर गया। नोएडा के सेक्टर-95में एक अंडरपास में एंबुलेंस फंस गई। जिसे लोगों ने धक्का देकर बाहर निकाला।





