पंजाब पुलिस ने हथियार, मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले मॉड्यूल का किया भंडाफोड़, छह गिरफ्तार

चंडीगढ़,एजेंसी। पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शुक्रवार को कहा कि पुलिस ने हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल दो अलग-अलग मॉड्यूल का भंडाफोड़ कर छह लोगों को गिरफ्तार किया है। यादव ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि आरोपियों के कब्जे से आठ पिस्तौल और लगभग तीन किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई है। उन्होंने कहा, ‘‘एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमृतसर के राज्य अभियान प्रकोष्ठ और ‘काउंटर इंटेलिजेंस’ ने दो अलग-अलग अभियानों में हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले मॉड्यूल का भंडाफोड़ कर छह आरोपियों को पकड़ा है और आठ पिस्तौल के अलावा 2.920 किलोग्राम हेरोइन बरामद की।’’ उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी सीमा पार से तस्करी में शामिल थे और ड्रोन के जरिए हथियारों तथा मादक पदार्थों की खेप मंगवाकर पंजाब में आपराधिक तत्वों तक पहुंचाते थे। डीजीपी ने कहा कि अमृतसर के राज्य विशेष अभियान प्रकोष्ठ थाने में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। सीमा पार नेटवर्क से जुड़े सभी व्यक्तियों की पहचान करने और नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस सीमा पार तस्करी पर कड़ी निगरानी रखने और मादक पदार्थ व अवैध हथियारों की तस्करी को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति पर काम करती है।