जन प्रवाद, ब्यूरो।
बिजनौर। बिजनौर जेल में एक कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। उन्होंने जेल में हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस और जजी चौराहे पर जमकर हंगामा किया। परिजनों के आक्रोश को देखते हुए पोस्टमार्टम हाउस पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

परिजनों ने बताया कि दीपक जेल में आत्महत्या करता तो प्रशासन इतना पुलिस बल पोस्टमार्टम हाउस पर नहीं भेजता। युवा कैदी की हत्या कर आत्महत्या करने का मामला बनाया जा रहा है। मृतक दीपक की मां ने बताया कि कल हम सब परिजन दीपक से जेल में मिलने गए थे। जेल प्रशासन की बिना मिली भगत के एक तिनका भी अंदर नहीं जा सकता तो रस्सी अंदर कैसे चली गई। युवक ने कुछ दिन पहले मिलाई के दौरान बताया था कि जेल प्रशासन के कुछ लोग मेरी हत्या करना चाहते हैं। वहीं, जेल प्रशासन कैदी युवक द्वारा आत्महत्या करने की बात कह रहा है।

बता दें कि सजा आफदा कैदी दीपक जनपद बिजनौर के पृथ्वीपुर मोहल्ला का रहने वाला था। उसकी शादी 8 साल पहले हुई थी और उसके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। पुलिस ने बताया कि यह जनवरी में अदालत में पेश होने आया था क्योंकि इस पर आरोप था कि इसके पास लूट का सामान मिला है। अदालत से ही कोर्ट ने इसको जेल भेज दिया था। आज दोपहर उसका शव जेल के अंदर पेड़ से लटका मिला। परिजनों में मां और उसकी पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की मां ने जेल प्रशासन पर कई गंभीर आरोप भी लगाए हैं।






