खेलो इंडिया संवाद की तैयारियां तेज, युवाओं को संबोधित करेंगे पीएम मोदी

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
नोएडा। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत की ओर से 27 अगस्त यानी गुरुवार को देशभर में ‘खेलो इंडिया संवाद-खेल की बात, प्रधानमंत्री मोदी के साथ’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के अंतर्गत देश के विभिन्न जिलों के युवा, विद्यार्थी एवं खिलाड़ी एक साथ जुड़ेंगे।


कार्यक्रम के मुख्य सत्र में प्रधानमंत्री वर्चुअल माध्यम से देशभर के युवाओं एवं प्रतिभागियों को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन के पश्चात विभिन्न केंद्रों पर ‘युवा संवाद’ आयोजित किया जाएगा। इसमें युवा खेल, युवा नेतृत्व, कौशल, स्वयंसेवा एवं विकसित भारत से जुड़े विषयों पर अपने विचार एवं सुझाव साझा करेंगे।


गौतमबुद्ध नगर में शारदा विश्वविद्यालय, गलगोटिया विश्वविद्यालय, सिंबायोसिस डीम्ड विश्वविद्यालय एवं द्रोणाचार्य ग्रुप आॅफ इंस्टीट्यूशंस के युवा एवं विद्यार्थी इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। स्थानीय कार्यक्रम में युवाओं को खेल जगत की उपलब्धियों एवं अनुभवों से प्रेरणा लेने तथा जनप्रतिनिधियों एवं खिलाड़ियों के साथ संवाद का अवसर भी मिलेगा।
इस पहल के माध्यम से युवाओं को विकसित भारत @2047 की परिकल्पना के साथ जोड़ते हुए खेल एवं युवा विकास के क्षेत्र में उनकी सक्रिय भूमिका को प्रोत्साहित किया जाएगा तथा विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 के संबंध में भी युवाओं को जानकारी दी जाएगी।