जनप्रवाद ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव के भाई और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का बुधवार सुबह यहां निधन हो गया। वह लगभग 38 वर्ष के थे। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक प्रतीक को तबीयत खराब होने पर सुबह सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। प्रतीक यादव सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के पुत्र और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति थे।
सियासत से दूर रहते थे प्रतीक यादव
सेहत के प्रति बेहद जागरुक रहने वाले यादव राजनीतिक परिवार से होने के बावजूद सियासत से दूर रहते थे। हालांकि, उनकी पत्नी अपर्णा बिष्ट यादव भाजपा में शामिल हुईं और वर्तमान में राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं। फिलहाल अभी अस्पताल की तरफ से भी मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है। मुलायम सिंह के बेटे प्रतीक अपने पीछे पत्नी अपर्णा और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। प्रतीक यादव के निधन की खबर मिलते ही नेताओं का लखनऊ के सिविल अस्पताल में जमा होना शुरू हो गया। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
जिम का था बिजनेस
प्रतीक यादव का अपना रियल एस्टेट और जिम का बिजनेस था। प्रतीक यादव लखनऊ स्थित 'फिटनेस प्लैनेट' जिम के मालिक थे। वो जीव आश्रय नामक संस्था का भी संचालन करते थे। इसके अलावा रियल स्टेट का काम भी करते थे। प्रतीक देश के सबसे बड़े राजनीतिक परिवारों में से एक यादव परिवार के छोटे बेटे थे। प्रतीक यादव राजनीति से हमेशा दूर रहते थे। उन्होंने ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी आॅफ लीड्स से अपनी पढ़ाई की थी। प्रतीक यादव (38) और अपर्णा यादव (36) का प्रेम-विवाह 4 दिसंबर 2011 को मुलायम सिंह यादव के पैतृक गांव सैफई में बेहद भव्य समारोह में हुआ था। इससे पहले दोनों के बीच लगभग 10 साल तक रिश्ता रहा। स्कूली दिनों में शुरू हुई यह दोस्ती प्रेम में बदली और फिर यादव परिवार की चर्चित शादी बनी थी। दोनों लखनऊ के विक्रमादित्य मार्ग स्थित आवास में रहते थे। समाजवादी पार्टी ने ट्वीट किया है कि प्रतीक यादव का निधन अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रतीक यादव के निधन पर दुख जताया है।





