जनप्रवाद ब्यूरो, पटना: जनशक्ति जनता दल के नेता तेज प्रताप ने जनसुराज पार्टी के मुखिया प्रशांत किशोर से मुलाकात की है। मुलाकात का वीडियो तेज प्रताप यादव से अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किया है। पोस्ट में उन्होंने एक कैप्शन भी लिखा है। तेज प्रताप यादव ने कैप्शन में लिखा है कि आज का दिन राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण रहा।
मेरी मुलाकात प्रशांत किशोर जी से हुई जहाँ हमने जनहित और भविष्य की राजनीति को लेकर गहन चर्चा की। इस दौरान जनता की अपेक्षाओं और बदलते राजनीतिक समीकरणों पर विस्तार से बात हुई। यह मुलाकात केवल औपचारिक नहीं थी, बल्कि इसमें कई ऐसे मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ जो आने वाले समय में राजनीति की दिशा तय कर सकते हैं। मैं, तेज प्रताप यादव, इस संवाद को अपने राजनीतिक जीवन के एक महत्वपूर्ण अनुभव के रूप में देखता हूँ, जहाँ सकारात्मक सोच और जनसेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने का संकल्प और भी मजबूत हुआ।
दोनों की मुलाकात ने बढ़ाया सियासी गलियारों का तापमान
तेज प्रताप यादव और प्रशांत किशोर की मुलाकात ने सियासी गलियारों का तापमान बढ़ा दिया है। हर कोई अब यह जानने को उत्सुक है कि आखिर तेज प्रताप यादव प्रशांत किशोर से क्यूं मिले। बता दें कि दोनों ही नेताओं को बिहार विधानसभा चुनाव में करारी हार मिली। राजनीतिक विशेषज्ञों के मुताबिक सम्राट चौधरी के सीएम बनने के बाद बदले हालात में बिहार की राजनीति के इन दोनों दिग्गजों की मुलाकात को बहुत हल्के में नहीं लिया जा सकता है।





