भाजपा के वरिष्ठ नेता संबित पात्रा का मल्लिकार्जुन खरगे पर तीखा प्रहार, बोले- कांग्रेस का आतंकवाद से कनेक्शन

जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली:  भाजपा के वरिष्ठ नेता संबित पात्रा ने कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर तीखा प्रहार किया है। BJP सांसद संबित पात्रा ने कहा कि यह न केवल निंदनीय है, बल्कि यह कांग्रेस पार्टी की मानसिकता को भी दर्शाता है। यह कोई ज़बान फिसलने की बात नहीं है। भले ही वह कोई सफ़ाई दे रहे हों, लेकिन याद रखिए कि यह कांग्रेस पार्टी की एक सोची-समझी साज़िश है। पात्रा ने इसे राहुल गांधी की साजिश कहते हुए कहा, “हर रोज़, राहुल गांधी अपने भाषणों में प्रधानमंत्री के ख़िलाफ़ अपशब्दों का इस्तेमाल करते हैं, और आज, राहुल के इशारे पर, मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री को आतंकवादी कह दिया। यह वही कांग्रेस पार्टी है जो ओसामा बिन लादेन को ‘ओसामा जी’ कहकर बुलाती है।”

कांग्रेस का आतंकवाद से कनेक्शन
कांग्रेस पार्टी का आतंकवाद से कनेक्शन जोड़ते हुए उन्होंने निशाना साधा और कहा कि “यह वही कांग्रेस पार्टी है जो बड़े-बड़े आतंकवादियों के साथ खड़ी नज़र आती है, फिर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आतंकवादी कहती है। यह वही कांग्रेस पार्टी है जो ज़ाकिर नाइक को शांति का दूत कहती है। कांग्रेस पार्टी को याद रखना चाहिए कि जब भी कांग्रेस पार्टी ने प्रधानमंत्री के ख़िलाफ़ अपशब्दों का इस्तेमाल किया है, भारत की जनता ने उसे सज़ा दी है। इस बार भी, भारत की जनता इसका जवाब देगी।”

खरगे का विवादित बयान
बता दें, कि तमिलनाडु चुनाव के दौरान कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे चेन्नई में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे। इस दौरान खरगे ने अपने बयान में कहा था कि AIADMK मोदी के साथ कैसे मिल सकते हैं? वह एक आतंकवादी हैं। और वह समानता में विश्वास नहीं रखते। उनकी पार्टी भी समानता और न्याय में विश्वास नहीं रखती। और ये लोग उनके साथ मिल रहे हैं, इसका मतलब है कि वे लोकतंत्र को कमज़ोर कर रहे हैं। इस बयान से सियासी घमासान छिड़ गया।