राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार ने बदला अपना बायो, बायो में लिखा पूर्व मुख्यमंत्री बिहार 

जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली: बिहार में सम्राट चौधरी के नया सीएम बनते ही पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने एक्स पर अपना बायो भी बदल लिया है। नीतीश कुमार ने मंगलवार को लोकभवन में राज्यपाल सैयद अता हसनैन को अपना त्यागपत्र सौंप दिया था। इसके साथ ही राज्य में बीजेपी युग की शुरुआत हो गई। नीतीश सम्राट के शपथग्रहण में भी शामिल हुए और उन्हें पीठ थपथपाकर बधाई भी दी। गौरतलब है कि लोकभवन में आज सम्राट के अलावा जेडीयू की तरफ से दो डेप्युटी सीएम ने शपथ ली है। जेडीयू के विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव बतौर डेप्युटी सीएम शपथ ली है।

बायो में लिखा पूर्व मुख्यमंत्री 
दो दशक तक बिहार के सीएम रहे नीतीश कुमार अब राज्यसभा सांसद बन चुके हैं। उन्होंने अपने बायो में लिखा है पूर्व मुख्यमंत्री, बिहार. सांसद, राज्यसभा, अध्यक्ष जदयू। नीतीश कुमार ने सम्राट को सीएम बनने पर बधाई भी दी है।

सम्राट चौधरी को दी बधाई 
नीतीश कुमार ने एक्स पोस्ट में सम्राट चौधरी को भी बधाई दी। उन्होंने लिखा, 'आज बिहार के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने पर सम्राट चौधरी जी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मुझे विश्वास है कि आपके नेतृत्व में बिहार और तेजी से विकसित होगा और देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा।' नीतीश कुमार ने एनडीए विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव किया था। 

सम्राट चौधरी ने बतौर सीएम कार्यभार संभाल भी लिया है। उन्होंने कहा कि किसी को शंका करने की कोई जरूरत नहीं है। बिहार में नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार का मॉडल ही चलेगा। सम्राट बिहार में बीजेपी के पहले सीएम हैं। वो बिहार बीजेपी के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।